Jamtara: जिले के सतसाल स्थित साहिबगंज बाईपास मोड़ के समीप गुरुवार रात एक भीषण सड़क दुर्घटना में ट्रैक्टर चालक की मौके पर ही मौत हो गई. हादसा रात करीब 10 बजे हुआ, जब एक तेज रफ्तार ट्रेलर ने पीछे से ट्रैक्टर को टक्कर मार दी. जानकारी के अनुसार, ट्रेलर (WB 23 E 3439) ने ट्रैक्टर को जोरदार टक्कर मारी. टक्कर इतनी भीषण थी कि ट्रैक्टर चालक उमेश महतो वाहन से नीचे गिर गए और कंटेनर के पहिए की चपेट में आ गए. सिर कुचल जाने से उनकी घटनास्थल पर ही दर्दनाक मौत हो गई.

चालक वाहन छोड़कर फरार
हादसे के बाद ट्रेलर चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया. घटना के बाद स्थानीय लोगों और राहगीरों की भारी भीड़ घटनास्थल पर जुट गई. दुर्घटना के कारण सड़क पर यातायात पूरी तरह प्रभावित हो गया. दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और काफी देर तक जाम की स्थिति बनी रही.
पुलिस ने संभाला मोर्चा
घटना की सूचना मिलते ही जामताड़ा थाना प्रभारी मनोज कुमार महतो, जिला नियंत्रण कक्ष की क्यूआरटी टीम और अन्य पुलिसकर्मी मौके पर पहुंचे. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम और अन्य कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी है. फरार चालक की तलाश जारी है. मृतक उमेश महतो अपने पीछे दो बेटे और एक बेटी समेत तीन छोटे बच्चों को छोड़ गए हैं. हादसे के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है. परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और पूरे गांव में शोक का माहौल है. स्थानीय लोगों ने प्रशासन से तेज रफ्तार वाहनों पर नियंत्रण लगाने और सड़क सुरक्षा के लिए ठोस कदम उठाने की मांग की है, ताकि भविष्य में ऐसी दर्दनाक घटनाओं को रोका जा सके.
ALSO READ: बोकारो: सेक्टर-6C में जलसंकट गहराया, जर्जर टंकियां टूटने से 12 क्वार्टरों में पानी सप्लाई बाधित
