NewsWave Desk : वेनेजुएला की राजधानी कराकास में कुछ ही सेकंड के अंतराल पर दो बड़े भूकंप के झटके महसूस किये गये. पहला भूकंप 7.2 तीव्रता का था, जबकि दूसरा 7.5 तीव्रता का था. भूकंप आने के समय वेनेज़ुएला में राष्ट्रीय अवकाश मनाया जा रहा था. स्थानीय समयानुसार शाम 6ः04 बजे ये भूकंप के झटके महसूस किये गये. भूकंप का केंद्र कराकास के पश्चिम में स्थित मोंटालबान क्षेत्र में था. वेनेजुएला के अन्य राज्यों में भी भूकंप के झटके महसूस किये गये. वेनेजुएला सरकार ने स्थानीय मीडिया को जानकारी दी कि त्रूजिलो, याराकुई, काराबोबो, अरागुआ, मिरांडा, कराकास और ला गुआइरा में भूकंप महसूस किया गया. इस भूकंप के झटके कोलंबिया तक महसूस किये गये.
आपातकाल की घोषणा
इस भूकंप से भारी जान माल की हानि बतायी जा रही है. जियोलॉजिकल सर्वे की संभावनाओं की मानें तो इसमें मरने वालों की संख्या लगभग 10 हजार होगी. वेनेज़ुएला की कार्यवाहक राष्ट्रपति डेल्सी रॉड्रिगेज़ ने राष्ट्र को संबोधित करते हुए आपातकाल की घोषणा कर दी है. राष्ट्रपति ने राहत और बचाव कार्यों की निगरानी के लिए एक जनरल को ज़िम्मेदारी सौंपी है. इस भूकंप में कई इमारतें ढह गई हैं और लोग अपने घरों से निकलकर सड़कों पर आ गए हैं. गृह मंत्री डियोसदादो काबेलो ने लोगों से अपने घर खाली करने की अपील की है.

अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा बंद
सोशल मीडिया से जानकारी मिली है कि भूकंप से कुछ इमारतों में दरारें आ गई हैं, कई इमारतें बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई हैं और कुछ ढह गई हैं. वेनेजुएला सरकार की मानें तो भूकंप से हुए तबाही को देखते हुए अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा बंद कर दिया गया है.


