Ranchi: झारखंड सरकार ने स्वास्थ्य सुविधाओं को मजबूत करने की दिशा में बड़ा कदम उठाते हुए हजारीबाग और पलामू मेडिकल कॉलेजों में 500-500 बेड वाले अस्पताल भवन निर्माण के लिए कुल 100 करोड़ रुपये की राशि जारी की है. स्वास्थ्य, चिकित्सा शिक्षा एवं परिवार कल्याण विभाग द्वारा जारी आदेश के अनुसार वित्तीय वर्ष 2026-27 में राज्य योजना के तहत दोनों परियोजनाओं को 50-50 करोड़ रुपये का आवंटन किया गया है.

PDF Attached: स्वास्थ्य विभाग द्वारा जारी आधिकारिक आदेश
174(9)B Date- 18-05-2026_0001 (1)
लाखों लोगों को मिलेगा बेहतर इलाज का लाभ
सरकार के इस फैसले से उत्तर और पलामू प्रमंडल के लाखों लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं मिलने का रास्ता साफ हो गया है. अत्याधुनिक अस्पताल भवन बनने के बाद मरीजों को इलाज के लिए दूसरे शहरों का रुख नहीं करना पड़ेगा, वहीं मेडिकल छात्रों को भी आधुनिक संसाधनों के साथ पढ़ाई और प्रशिक्षण की सुविधा मिलेगी.
हजारीबाग मेडिकल कॉलेज के 500 शैय्या वाले अस्पताल भवन निर्माण की मूल स्वीकृत राशि 509 करोड़ 13 लाख 78 हजार 300 रुपये है, जबकि पलामू मेडिकल कॉलेज अस्पताल भवन के लिए 481 करोड़ 27 लाख 84 हजार 700 रुपये स्वीकृत हैं.
ALSO READ: पाकुड़ में RJD के प्रतिनिधिमंडल ने DC से की मुलाकात, पेयजल-बिजली और सड़क की समस्याएं उठाईं
गुणवत्ता पर रहेगा विशेष जोर
निर्माण कार्य झारखंड राज्य भवन निर्माण निगम लिमिटेड के माध्यम से कराया जाएगा. सरकार ने स्पष्ट निर्देश दिया है कि निर्माण कार्य की गुणवत्ता से किसी प्रकार का समझौता नहीं होगा. इसके लिए नियमित निरीक्षण के साथ-साथ थर्ड पार्टी क्वालिटी इवैल्यूएशन एजेंसी से भी जांच कराई जाएगी.
सरकार ने यह भी कहा है कि बिना अनुमति परियोजना लागत में किसी प्रकार की बढ़ोतरी नहीं की जाएगी और हर महीने कार्य की वित्तीय एवं भौतिक प्रगति रिपोर्ट विभाग को सौंपनी होगी.
