News Wave Desk: वियतनाम के फू कुओक द्वीप के पास शनिवार को एक दर्दनाक हादसा सामने आया, जहां भारतीय पर्यटकों को ले जा रही एक स्पीडबोट समुद्र की लहरों के बीच अनियंत्रित होकर पलट गई. इस दुखद घटना में 15 भारतीय पर्यटकों की मृत्यु की पुष्टि हुई है, जबकि 21 लोगों को सुरक्षित बचा लिया गया है. हादसे की खबर मिलते ही वियतनाम में मौजूद भारतीय दूतावास सक्रिय हो गया है और स्थानीय प्रशासन के साथ मिलकर युद्धस्तर पर राहत और बचाव कार्य चलाया जा रहा है.
यह भी पढ़ें: ‘Dhamaal 4’ ने बॉक्स ऑफिस पर मचाया धमाल, पहले दिन की कमाई से ‘कॉकटेल 2’ को छोड़ा पीछे

खराब मौसम और तेज लहरें बनीं हादसे की वजह
स्थानीय प्रशासन के अनुसार, यह हादसा उस समय हुआ जब 32 भारतीय पर्यटकों और 4 क्रू मेंबर्स को ले जा रही बोट हॉन मे रुत द्वीप से अन थोई बंदरगाह की ओर लौट रही थी. तट से महज 400 मीटर पहले समुद्र में अचानक उठीं तेज और ऊंची लहरों के कारण बोट का संतुलन बिगड़ गया और वह पलट गई. हादसे के तुरंत बाद स्थानीय कोस्ट गार्ड और गोताखोरों की टीम ने रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू कर दिया.
भारतीय दूतावास अलर्ट, बनाए गए दो कंट्रोल रूम
संकट की इस घड़ी में वियतनाम स्थित भारतीय मिशन पीड़ितों के परिवारों की हर संभव मदद में जुट गया है. दूतावास ने वियतनाम के दो प्रमुख शहरों में चौबीसों घंटे चालू रहने वाले कंट्रोल रूम स्थापित किए हैं: हो ची मिन्ह सिटी (वाणिज्य दूतावास): +84 36 281 7930, +84 91 552 37 14, +84 33 452 0414 और हनोई (भारतीय दूतावास): +84 91 308 9165. भारतीय दूतावास ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स (X) पर जानकारी देते हुए कहा कि स्थानीय अधिकारियों के समन्वय से स्थिति पर करीब से नजर रखी जा रही है और प्रभावित परिवारों को हर तरह की सहायता और जानकारी उपलब्ध कराई जा रही है.


