Chakradharpur: कराईकेला बाजार में पानी निकासी की समुचित व्यवस्था नहीं होने से उत्पन्न हो रही समस्याओं को लेकर शनिवार को ग्रामीणों ने एक बैठक आयोजित कर स्थायी समाधान की मांग उठाई. बैठक की अध्यक्षता विधायक प्रतिनिधि मिथुन गागराई ने की. ग्रामीणों ने बताया कि बाजार में स्थापित सोलर आधारित जलमीनार से पेयजल आपूर्ति तो सुचारू रूप से हो रही है, लेकिन उपयोग के बाद बहने वाला पानी बाजार परिसर में जमा होकर जलजमाव की स्थिति पैदा कर रहा है. इससे दुकानदारों, ग्राहकों तथा राहगीरों को रोजाना परेशानी का सामना करना पड़ रहा है. विशेषकर बरसात के मौसम में स्थिति और गंभीर हो जाती है तथा पूरा बाजार कीचड़ और दलदल में तब्दील हो जाता है.
नाली निर्माण और स्थायी जल निकासी व्यवस्था की मांग
बैठक में ग्रामीणों ने नाली निर्माण एवं जल निकासी की स्थायी व्यवस्था करने की मांग की. उन्होंने कहा कि बाजार क्षेत्र के विकास के लिए आधारभूत सुविधाओं को मजबूत करना आवश्यक है. ग्रामीणों की समस्याएं सुनने के बाद मिथुन गागराई ने कहा कि कराईकेला बाजार की सभी प्रमुख समस्याओं को सूचीबद्ध कर विधायक सुखराम उरांव के समक्ष रखा जाएगा. उन्होंने भरोसा दिलाया कि नाली निर्माण और जल निकासी की समस्या के समाधान के लिए जल्द आवश्यक पहल की जाएगी. साथ ही बाजार के समग्र विकास को लेकर एक व्यापक बैठक भी आयोजित की जाएगी. बैठक में पंचायत समिति सदस्य तीरथ जमुदा, परसाबहाल ग्राम मुंडा साधु बोदरा समेत बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित थे.
ALSO READ: गुमला: विधायक भूषण तिर्की की पहल लाई रंग, डेढ़ साल बाद तिगावल गांव में बहाल हुई बिजली


