Jamtara: उपायुक्त सह जिला निर्वाचन पदाधिकारी आलोक कुमार ने शनिवार को समाहरणालय सभागार में आयोजित प्रेस वार्ता में मतदाता सूची विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर)-2026 कार्यक्रम की विस्तृत जानकारी दी. उन्होंने बताया कि भारत निर्वाचन आयोग के निर्देश पर जिले में 30 जून से 29 जुलाई तक बीएलओ घर-घर जाकर मतदाताओं का सत्यापन करेंगे. अभियान को सफल बनाने के लिए सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं. उपायुक्त ने बताया कि जिले में मतदान केंद्रों का युक्तिकरण (रैशनलाइजेशन) किया गया है. पहले जिले में 766 पोलिंग स्टेशन थे, जिन्हें बढ़ाकर 801 कर दिया गया है. यानी जिले में 35 नए पोलिंग स्टेशन जोड़े गए हैं. इनमें नाला विधानसभा में 336 से 340, जामताड़ा विधानसभा में 366 से 383 तथा सारठ (आंशिक) क्षेत्र में 64 से 78 मतदान केंद्र हो गए हैं. अभियान के लिए जिले में 801 बीएलओ, 79 बीएलओ सुपरवाइजर और 801 स्वयंसेवकों की प्रतिनियुक्ति की गई है. स्वयंसेवकों का प्रशिक्षण 27 एवं 29 जून को एसजीएसवाई प्रशिक्षण भवन में होगा, जबकि 30 जून को सभी मतदान केंद्रों पर बीएलओ एवं बीएलए-2 की बैठक आयोजित की जाएगी.
मतदाता सूची को त्रुटिरहित बनाने में सहयोग करने की अपील की गई
जिले में वर्तमान में 5,70,633 मतदाता हैं. इनमें से 5,06,449 मतदाताओं (88.75 प्रतिशत) का मैपिंग कार्य पूरा हो चुका है. उपायुक्त ने बताया कि 5 अगस्त को प्रारूप मतदाता सूची प्रकाशित होगी. इसके बाद 5 अगस्त से 4 सितंबर तक दावा एवं आपत्ति प्राप्त किए जाएंगे, 3 अक्टूबर तक उनका निपटारा होगा तथा 7 अक्टूबर 2026 को अंतिम मतदाता सूची प्रकाशित की जाएगी. उन्होंने बताया कि मतदाता जागरूकता के लिए 30 जून को सुबह 11 बजे से दोपहर 1 बजे तक सोशल मीडिया अभियान चलाया जाएगा. जिलेवासियों से #JharkhandSIR अभियान से जुड़ने तथा घर-घर आने वाले बीएलओ को आवश्यक दस्तावेज उपलब्ध कराकर मतदाता सूची को त्रुटिरहित बनाने में सहयोग करने की अपील की गई.

AlsoRead:अयोध्या राम मंदिर में दान की चोरी पर बरसे केंद्रीय रामदास अठावले, दोषियों के लिए मांगी कड़ी सजा


