Hazaribagh: प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना के छह वर्ष पूरे होने के अवसर पर हजारीबाग नगर निगम सभागार में स्वनिधि महोत्सव का आयोजन किया गया. कार्यक्रम में मेयर अरविंद राणा, नगर उप आयुक्त ज्योति कुमार सिंह, विभिन्न बैंकों के शाखा प्रबंधक, नगर निगम के अधिकारी और बड़ी संख्या में फुटपाथ विक्रेता शामिल हुए. कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलित कर किया गया. इस दौरान लाभुकों को योजना से जुड़ने, समय पर ऋण चुकाने और स्वरोजगार को मजबूत बनाने के लिए प्रेरित किया गया.
50 लाभुकों को मिला ऋण स्वीकृति पत्र
नगर निगम ने बताया कि प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना के छह वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में पूरे जून माह को स्वनिधि महोत्सव के रूप में मनाया जा रहा है. महोत्सव के दौरान विभिन्न बैंक शाखाओं के सहयोग से 50 से अधिक रेहड़ी-पटरी और फुटपाथ विक्रेताओं को ऋण स्वीकृति पत्र प्रदान किए गए. छोटे कारोबारियों और सिलाई-कढ़ाई से जुड़ी महिलाओं के बीच करीब 10 लाख रुपये का ऋण वितरित किया गया. साथ ही डिजिटल लेनदेन में बेहतर प्रदर्शन करने वाले पुराने लाभुकों को सम्मानित भी किया गया.

पांच बैंकों को किया गया सम्मानित
योजना के सफल क्रियान्वयन में योगदान देने वाले भारतीय स्टेट बैंक, बैंक ऑफ इंडिया, इंडियन ओवरसीज बैंक, बैंक ऑफ महाराष्ट्र और पंजाब नेशनल बैंक की स्थानीय शाखाओं को नगर निगम की ओर से प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया. अधिकारियों ने कहा कि बैंकों के सहयोग से पात्र लाभुकों तक योजना का लाभ समय पर पहुंच रहा है.
लोक कल्याण मेले में दी गई योजना की जानकारी
स्वनिधि महोत्सव के साथ शहर में एक दिवसीय लोक कल्याण मेले का भी आयोजन किया गया. नगर निगम के विभिन्न वार्डों और बैंक परिसरों में लगाए गए विशेष शिविरों के माध्यम से लोगों को पीएम स्वनिधि योजना की जानकारी दी गई और नए लाभुकों को आवेदन प्रक्रिया से अवगत कराया गया.
छोटे कारोबारियों के लिए वरदान बनी योजना
मेयर अरविंद राणा ने कहा कि प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना रेहड़ी-पटरी और छोटे फुटपाथ विक्रेताओं के लिए आर्थिक संबल का माध्यम बनी है. इससे हजारों छोटे कारोबारियों को आत्मनिर्भर बनने का अवसर मिला है. उन्होंने कहा कि नगर निगम भविष्य में भी हर पात्र व्यक्ति तक इस योजना का लाभ पहुंचाने के लिए लगातार अभियान चलाता रहेगा.
ALSO READ : सरायकेला थाने से 500 मीटर दूर घर के बरामदे से बाइक चोरी, तीन युवक CCTV में कैद हुए


