झारखंड में मानसून से पहले बदला मौसम का मिजाज, 18 जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी

Ranchi: दक्षिण-पश्चिम मानसून के संताल परगना के रास्ते झारखंड में प्रवेश करने में अभी 72 से 84 घंटे का समय शेष है,...

Transparent umbrella under heavy rain against water drops splash background. Rainy weather concept.

Ranchi: दक्षिण-पश्चिम मानसून के संताल परगना के रास्ते झारखंड में प्रवेश करने में अभी 72 से 84 घंटे का समय शेष है, लेकिन उससे पहले ही राज्य में मौसम ने करवट ले ली है. गुरुवार दोपहर बाद राजधानी रांची समेत कई जिलों में मौसम अचानक बदला और तेज आंधी के साथ झमाझम बारिश हुई. रांची में करीब 50 किलोमीटर प्रतिघंटा की रफ्तार से चली तेज हवाओं के बीच लगभग 41 मिमी बारिश दर्ज की गई. भारी बारिश के कारण शहर के कई इलाकों में जलजमाव की स्थिति बन गई, जबकि तेज आंधी से कई स्थानों पर पेड़ गिर गए. राजधानी में करीब आधा दर्जन पेड़ों के गिरने की सूचना है. वहीं जमशेदपुर में 11 मिमी और चाईबासा में 10 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई.

आज 18 जिलों में ऑरेंज अलर्ट

मौसम विभाग ने शुक्रवार (12 जून) को रांची समेत राज्य के 18 जिलों में तेज आंधी, वज्रपात और बारिश की संभावना जताई है. इन जिलों में रामगढ़, खूंटी, सिमडेगा, पश्चिमी सिंहभूम, पूर्वी सिंहभूम, सरायकेला-खरसावां, हजारीबाग, कोडरमा, गिरिडीह, धनबाद, बोकारो, देवघर, जामताड़ा, दुमका, पाकुड़, गोड्डा और साहिबगंज शामिल हैं. इन क्षेत्रों में 50 से 60 किलोमीटर प्रतिघंटा की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं. साथ ही कई स्थानों पर वज्रपात और मध्यम से भारी बारिश होने की संभावना है. विशेष रूप से पूर्वी सिंहभूम, पश्चिमी सिंहभूम, सरायकेला, बोकारो, धनबाद, गिरिडीह, देवघर, जामताड़ा और दुमका में भारी वर्षा की चेतावनी जारी की गई है. इसे देखते हुए मौसम विभाग ने इन जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है. वहीं गढ़वा, पलामू, लातेहार, गुमला, लोहरदगा और चतरा जिलों में भी तेज हवा, वज्रपात और हल्की से मध्यम बारिश की संभावना जताई गई है.

Read Also: शेख भिखारी मेडिकल कॉलेज, हजारीबाग के ब्लड बैंक में रक्त संकट गहराया, मात्र 19 यूनिट रक्त उपलब्ध

13 जून को भी रहेगा खराब मौसम

मौसम विभाग के अनुसार शनिवार (13 जून) को भी राज्य के कई हिस्सों में मौसम का असर बना रहेगा. रांची, खूंटी, रामगढ़, कोडरमा, हजारीबाग, बोकारो, धनबाद, देवघर, जामताड़ा, दुमका, गोड्डा, पाकुड़ और साहिबगंज जिलों में आंधी, बारिश और वज्रपात को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है. जबकि राज्य के अन्य जिलों में येलो अलर्ट रहेगा. मौसम विभाग ने लोगों से खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने और वज्रपात के समय खुले स्थानों में जाने से बचने की अपील की है.

सम्बंधित ख़बरें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *