Ranchi: 14वीं जेपीएससी परीक्षा में गड़बड़ी को लेकर सरकार गंभीर नजर आ रही है. सरकारी जांच एजेंसी सीआईडी का एक्शन फुल मोड में है. अभी तक करीब दस लोगों की गिरफ्तारी हो चुकी है. जेपीएससी की उपपरीक्षा नियंत्रक श्वेता गुप्ता समते कई लोगों को सीआईडी अपनी कस्टडी में लेकर पूछताछ कर रहा है. उम्मीद जतायी जा रही है कि जल्द ही कोई बड़ा खुलासा सीआईडी की तरफ से हो सकता है. इस बीच मास्टरमाइंड अभय तिवारी को लेकर भी रोज नए खुलासे हो रहे हैं. बताया जा रहा है कि अभय जेपीएससी में गड़बड़ी करने के लिए एक होटल को ही पूरे साल के लिए लीज पर ले रखा था. अब यह बात सामने आ रही है कि अभय सिर्फ पैसों के लिए जेपीएससी में घोटाला नहीं करता था बल्कि उसने अपने लोगों को भी सरकारी नौकरी में सेट कर रखा था.
अभय की पत्नी है इस अहम पद पर कार्यरत
बीते सीजीएल की परीक्षा में अभय तिवारी ने गड़बड़ी करते हुए अपनी पत्नी को सीजीएल परीक्षा में शामिल कराया. वो बेहिचक चयनित कर ली जाती है. चयन होने के बाद उसे एक अहम प्रभार दिया जाता है. अभय तिवारी की पत्नी का नाम सुष्मा पांडेय बताया जा रहा है. वो सीजीएल की परीक्षा में शामिल होकर असिस्टेंट सेक्शन ऑफिसर के पद पर चयनित हुई. मंत्रीमंडल सचिवालय एवं निगरानी विभाग, (निगरानी प्रभाग) में वो अभी कार्यरत है. यह विभाग सरकार के नजरिए से काफी अहम माना जाता है. सरकार की कई जांच की फाइल और तमाम तरह के राज इस विभाग की नजरों में रहते हैं.

लंबी छुट्टी पर चली गयी सुष्मा पांडेय
पुख्ता सूत्रों का कहना है कि जिस दिन से सीआईडी जेपीएससी को लेकर एक्टिव मोड में आया, उसी दिन से अभय तिवारी की पत्नी सुष्मा पांडेय लंबी छुट्टी पर चली गयी है. उनके कार्यलय के दोस्तों को भी नहीं पता है वो कहां गायब हैं. वहीं आपको जल्द ही हमारी टीम बताएगी की कैसे अभय तिवारी ने अपने भाई को भी सरकारी नौकरी दिलवायी और वो अभी कहां पोस्टेड है.
