Newswave Desk: फिल्म ‘कल्कि 2898 एडी’ को दर्शकों का जबरदस्त प्यार मिला था. निर्देशक नाग अश्विन की इस साइंस-फिक्शन फिल्म में प्रभास, अमिताभ बच्चन और दीपिका पादुकोण जैसे बड़े सितारे नजर आए थे. अब फिल्म के दूसरे पार्ट को लेकर चर्चाएं तेज हैं. इसी बीच खबरें सामने आई हैं कि दीपिका पादुकोण अब सीक्वल का हिस्सा नहीं होंगी.
क्या ‘कल्कि 2898 एडी’ के सीक्वल में दिखेंगी आलिया भट्ट?
हाल के दिनों में सोशल मीडिया पर ऐसी खबरें वायरल हो रही हैं कि आलिया भट्ट फिल्म के सीक्वल में नजर आ सकती हैं. कुछ रिपोर्ट्स में यह दावा भी किया गया कि आलिया ने फिल्म के लिए कुछ सीन शूट कर लिए हैं. हालांकि, अभी तक यह साफ नहीं हो पाया है कि वह दीपिका पादुकोण की जगह लेंगी या किसी नए किरदार में दिखाई देंगी. सोशल मीडिया पर फैंस लगातार इस विषय पर चर्चा कर रहे हैं और जानना चाहते हैं कि फिल्म में आलिया की भूमिका क्या होगी.
आलिया भट्ट की टीम और फिल्म के मेकर्स की ओर से अब तक कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है. वहीं, फिल्म के एक प्रवक्ता ने हिंदुस्तान टाइम्स से बातचीत में कहा कि आलिया की कास्टिंग को लेकर फिलहाल कुछ भी तय नहीं हुआ है. प्रवक्ता के मुताबिक, “फिल्म में आलिया की एंट्री को लेकर कोई शूटिंग नहीं हुई है. सोशल मीडिया पर किसी ने यह दावा किया और फिर वह खबर तेजी से फैल गई. अभी तक उनकी कास्टिंग को लेकर कोई स्पष्ट जानकारी नहीं है.”
दीपिका पादुकोण हो चुकी हैं फिल्म से अलग
पहली फिल्म में दीपिका पादुकोण ने एक अहम भूमिका निभाई थी और उनका किरदार कहानी का मुख्य हिस्सा था. माना जा रहा था कि सीक्वल में भी उनका रोल काफी महत्वपूर्ण रहेगा, लेकिन अब वह इस प्रोजेक्ट का हिस्सा नहीं हैं. फिल्म के मेकर्स ने सितंबर 2025 में एक आधिकारिक बयान जारी कर बताया था कि दीपिका पादुकोण और टीम ने आपसी सहमति से अलग होने का फैसला लिया है. मेकर्स ने कहा था कि ‘कल्कि 2898 एडी’ जैसी बड़ी फिल्म के लिए लंबे समय तक प्रतिबद्धता की जरूरत होती है और इसी वजह से दोनों पक्ष आगे साथ काम नहीं कर पाए. साथ ही उन्होंने दीपिका के उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं भी दी थीं.
ALSO READ: BREAKING: 734 करोड़ के घोटाले के मास्टरमाइंड अमित गुप्ता की अंतरिम जमानत याचिका HC से खारिज



