Hazaribagh: मानसून के दौरान हजारीबाग शहर के वार्ड संख्या 4 के विभिन्न इलाकों में सूखे और जर्जर पेड़ हादसे का कारण बन सकते हैं. स्थानीय लोगों ने इन पेड़ों को जल्द हटाने की मांग प्रशासन से की है. उनका कहना है कि तेज हवा या बारिश के दौरान पेड़ गिरने से राहगीरों, वाहन चालकों, आसपास के मकानों और बिजली के तारों को नुकसान पहुंच सकता है.
इन 8 स्थानों पर सूखे पेड़ बने खतरा
स्थानीय लोगों के अनुसार, झील मार्ग स्थित हजारीबाग हाई स्कूल के पास, शिक्षक प्रशिक्षण विद्यालय के समीप, शहीद स्मारक परिषद के पास, परिषद के मुख्य द्वार के निकट, डॉ. राजेंद्र प्रसाद की प्रतिमा के पास, नए समाहरणालय के एग्जिट गेट के समीप, आईटीआई गेट और विनोबा भावे विश्वविद्यालय के मुख्य प्रवेश द्वार के पास सूखे और जर्जर पेड़ खड़े हैं.

प्रशासन से जल्द कार्रवाई की मांग
स्थानीय लोगों का कहना है कि इन स्थानों पर प्रतिदिन बड़ी संख्या में लोगों की आवाजाही रहती है. कई पेड़ों की सूखी शाखाएं बिजली के तारों तक पहुंच गई हैं, जिससे बिजली आपूर्ति बाधित होने का भी खतरा है. लोगों ने संभावित हादसों को देखते हुए वन विभाग और नगर निगम से सूखे पेड़ों की जल्द कटाई और छंटाई कराने की मांग की है.
ALSO READ: बोकारो थर्मल में भाकपा की बैठक, हजारीबाग कार्यकर्ता सम्मेलन में शामिल होंगे कार्यकर्ता


