Bokaro: बोकारो जिला के गोमिया प्रखंड में भू-माफिया का आतंक चरम पर है. सोमवार को गोमिया अंचल कार्यालय के बाहर रेखा देवी नाम की महिला अपने दो बच्चों के साथ तेज गर्मी और चिलचिलाती धूप में धरने पर बैठ गई. महिला ने न्याय की गुहार लगाई है.
क्या है मामला
धरने पर बैठी महिला रेखा देवी ने बताया कि उसके गोतिया ने उसके हिस्से की जमीन की रजिस्ट्री कर दी है. इसके एवज में पति रमेश प्रसाद को विनोद कुमार एवं रणधीर राय के द्वारा करीब 60 लाख रुपये के तीन चेक दिए गए, लेकिन उन चेकों से एक भी पैसा नहीं निकला. अब रेखा देवी का कहना है कि उन्हें चेक का पैसा नहीं, बल्कि उनकी जमीन वापस चाहिए.
इस मामले पर गोमिया के सीओ आफताब आलम ने कहा कि रेखा देवी के साथ जमीन विवाद में अन्याय हुआ है. विधि सम्मत कार्रवाई की जाएगी और महिला को न्याय दिलाया जाएगा.
Also Read: जनगणना 2027 के लिए आउटसोर्सिंग से नियुक्त होंगे 410 कर्मी, झारखंड सरकार ने जारी किया अधिसूचना
क्या कहना है दूसरे पक्ष का
वहीं इस मामले पर विनोद कुमार ने बताया कि उन्होंने रमेश प्रसाद के गोतिया से जमीन ली है. पैसे की बात को लेकर उन्होंने कहा कि वह पैसा गोतिया ने उनके माध्यम से दिया है.
विनोद कुमार ने यह भी कहा कि अगर उनके साथ अन्याय होता है तो वह भी आने वाले दिनों में धरने पर बैठेंगे. वहीं स्थानीय लोगों का कहना है कि गोमिया में जमीन की खरीद-बिक्री धड़ल्ले से चल रही है और इसमें कई गरीब परिवार पीस रहे हैं
