Ranchi: विश्व आदिवासी दिवस के अवसर पर शनिवार को कैंब्रियन पब्लिक स्कूल, कांके रोड में कई कार्यक्रमों का आयोजन किया गया. बच्चों ने आदिवासियों की भाषा, संस्कृति, भोजन, चिकित्सा और परिधान से जुड़ी कई जानकारियां हासिल की. दसवीं कक्षा के विद्यार्थियों ने ‘हमरे आदिवासी …. जे नाची से बाची’ गीत पर आकर्षक नृत्य प्रस्तुत किया. बच्चों ने झारखंड के पारंपरिक जनजातीय परिधानों में प्रस्तुतियां दी.

आदिवासी महिलाओं की पारंपरिक चिकित्सा पद्धतियों के संरक्षण और स्वदेशी समुदाय के स्वास्थ्य पर रखा गया कार्यक्रम का थीम
मौके पर विद्यालय की निदेशक सह प्राचार्या परमजीत कौर ने कहा कि इस वर्ष विश्व आदिवासी दिवस का थीम आदिवासी महिलाओं की पारंपरिक चिकित्सा पद्धतियों के संरक्षण और स्वदेशी समुदाय के स्वास्थ्य पर आधारित है. उन्होंने कहा कि विश्व आदिवासी दिवस इन समुदायों के अधिकारों की रक्षा करने और समाज में उनके योगदान को सम्मानित करने का अवसर है. उन्होंने कहा कि झारखंड एक आदिवासी बहुल क्षेत्र है, और यहां की जनजातियों की सांस्कृतिक धरोहर की पूरे विश्व में एक अलग पहचान है. इस अवसर पर काफी संख्या में विद्यार्थी और शिक्षक शामिल हुए.

यह भी पढ़ें: गांव के विवाद गांव में ही सुलझेंगे, मुकदमे से पहले मध्यस्थता पर जोर


