News Wave Desk: भारत और जिम्बाब्वे के बीच तीन मैचों की टी20 सीरीज का आगाज 23 जुलाई से होने जा रहा है. सीरीज के सभी मुकाबले हरारे में खेले जाएंगे. पहला मैच 23 जुलाई, दूसरा 25 जुलाई और तीसरा 26 जुलाई को आयोजित होगा. इस दौरे पर युवा खिलाड़ियों से सजी भारतीय टीम मैदान पर उतरने के लिए तैयार है.
Jio Hotstar या Sony LIV पर नहीं मिलेगी लाइव स्ट्रीमिंग
इस बार क्रिकेट फैंस के लिए बड़ा बदलाव देखने को मिलेगा. भारत-जिम्बाब्वे टी20 सीरीज की लाइव स्ट्रीमिंग जियोहॉटस्टार या सोनी लिव जैसे लोकप्रिय ओटीटी प्लेटफॉर्म पर उपलब्ध नहीं होगी. ऐसे में मोबाइल, टैबलेट या लैपटॉप पर मुकाबले देखने के लिए दर्शकों को अलग से स्ट्रीमिंग पास खरीदना होगा.
Fan Code पर देख सकेंगे लाइव मैच
सीरीज के डिजिटल प्रसारण अधिकार फैनकोड (FanCode) के पास हैं. ऐसे में सभी मुकाबलों की लाइव स्ट्रीमिंग इसी प्लेटफॉर्म पर होगी. मैच देखने के लिए दर्शकों को मैच पास या टूर पास खरीदना होगा. यानी इस बार भारतीय टीम के मुकाबले देखने के लिए फैंस को अतिरिक्त खर्च करना पड़ेगा.
Read Also: यूक्रेन तट के पास रूस ने किया जहाज में हमला, चार भारतीयों की मौत, विदेश मंत्रालय ने कहा- निर्दोष नागरिकों की जान खतरे में डालना निंदनीय
कितनी होगी मैच पास की कीमत?
फैनकोड पर एक मैच का पास आमतौर पर 35 से 50 रुपये के बीच उपलब्ध हो सकता है. वहीं, अलग-अलग खेल आयोजनों के लिए मैच पास की कीमत 19 रुपये से 99 रुपये तक रहती है. यदि कोई दर्शक पूरी सीरीज देखना चाहता है, तो उसे टूर पास या मासिक सब्सक्रिप्शन लेना होगा. फैनकोड का मासिक प्लान करीब 199 रुपये का है, जिसमें अन्य खेलों की लाइव स्ट्रीमिंग भी शामिल रहती है.
टीवी पर कहां देख सकेंगे मुकाबले?
टीवी दर्शकों के लिए अच्छी खबर है कि भारत-जिम्बाब्वे टी20 सीरीज का सीधा प्रसारण यूनाइट8 स्पोर्ट्स नेटवर्क के विभिन्न चैनलों पर किया जाएगा. हाल ही में इसी नेटवर्क ने फीफा विश्व कप 2026 के मुकाबलों का भी लाइव टेलिकास्ट किया था. अब क्रिकेट प्रेमी इसी चैनल पर भारतीय टीम के मैचों का आनंद ले सकेंगे.
भारत का स्क्वाड
भारत की कमान श्रेयस अय्यर के हाथों में होगी, जबकि तिलक वर्मा उपकप्तान की भूमिका निभाएंगे. टीम में वैभव सूर्यवंशी, अभिषेक शर्मा, ईशान किशन (विकेटकीपर), शिवम दुबे, सूर्यांश शेडगे, रिंकू सिंह, प्रभसिमरन सिंह (विकेटकीपर), रवि बिश्नोई, हर्ष दुबे, प्रिंस यादव, यश ठाकुर, अशोक शर्मा और मयंक यादव को शामिल किया गया है.
