Ranchi : झारखंड लोक सेवा आयोग JPSC की 14वीं प्रारंभिक परीक्षा में कथित अनियमितताओं और धांधली के खिलाफ भारतीय जनता युवा मोर्चा BJYM कल राजधानी रांची में विरोध प्रदर्शन करेगी. भाजपा के नेतृत्व में कल यानी बुधवार को जेपीएससी JPSC कार्यालय का घेराव किया जाएगा. इस आंदोलन को देखते हुए जिला प्रशासन और पुलिस महकमा पूरी तरह अलर्ट पर है. सुरक्षा व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए जेपीएससी JPSC कार्यालय के पास पुलिस बलों की तैनाती की जाएगी.
जयपाल सिंह स्टेडियम में एकत्रित होंगे छात्र और कार्यकर्ता
सुरक्षा की कमान डीएसपी DSP, इंस्पेक्टर और दरोगा स्तर के अधिकारियों को सौंपी गई है. कल जेपीएससी JPSC कार्यालय के बाहर और उस इलाके में सैकड़ों की संख्या में अतिरिक्त पुलिस बलों की तैनाती की गई है. ये सभी पुलिस पदाधिकारी आंदोलनकारियों को रोकने का काम करेंगे. राज्यभर से आए भाजपा के नेता और हजारों कार्यकर्ता पहले रांची के जयपाल सिंह मुंडा स्टेडियम में एकत्रित होंगे. यहां एक सभा के बाद सभी कार्यकर्ता जुलूस की शक्ल में जेपीएससी कार्यालय की ओर कूच करेंगे.
दोषियों पर कारवाई होने तक जारी रहेगा आंदोलन
भाजपा का आरोप है कि परीक्षा के आयोजन में भारी गड़बड़ियां हुई है. जिससे राज्य के हजारों होनहार और योग्य अभ्यर्थियों का भविष्य दांव पर लग गया है. भाजपा नेताओं का कहना है कि जब तक इस पूरी परीक्षा प्रणाली की निष्पक्ष जांच नहीं होती और दोषियों पर कार्रवाई नहीं की जाती, तब तक उनका यह आंदोलन थमेगा नहीं.
पुलिस ने की है तैयारी
राजधानी की कानून व्यवस्था और सुरक्षा को दुरुस्त रखने के लिए रांची पुलिस ने चाक-चौबंद तैयारी की है. पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, शहर की यातायात व्यवस्था बाधित न हो और आम नागरिकों को परेशानी न हो, इसके लिए रूट डायवर्ट भी किया जा सकता है. प्रशासन ने साफ कर दिया है कि लोकतांत्रिक तरीके से विरोध प्रदर्शन की अनुमति है, लेकिन कानून हाथ में लेने या सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचाने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी.
