Ranchi: वेदांता समूह के चेयरमैन अनिल अग्रवाल ने युवा उद्यमियों को व्यवसाय निर्माण के मूल उद्देश्य को याद रखने की सलाह देते हुए कहा है कि किसी भी स्टार्टअप की वास्तविक सफलता केवल उसकी वैल्यूएशन से नहीं, बल्कि उसके द्वारा समाज, ग्राहकों और हितधारकों के लिए सृजित किए गए वास्तविक मूल्य से तय होती है. अपने आधिकारिक सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर साझा किए गए एक संदेश में अनिल अग्रवाल ने कहा कि आज के प्रतिस्पर्धी स्टार्टअप इकोसिस्टम में वैल्यूएशन महत्वपूर्ण है और यह किसी उद्यम के लिए ऑक्सीजन की तरह है, लेकिन उद्यमियों को यह नहीं भूलना चाहिए कि उन्होंने अपनी यात्रा केवल निवेश जुटाने या अगली फंडिंग राउंड तक पहुंचने के लिए शुरू नहीं की थी.
समस्या का समाधान है जरूरी
उन्होंने कहा कि अधिकांश उद्यमी किसी समस्या का समाधान खोजने, बाजार में मौजूद किसी कमी को दूर करने और लोगों के जीवन को बेहतर बनाने के उद्देश्य से अपनी उद्यमशीलता की शुरुआत करते हैं. हालांकि, समय के साथ व्यवसाय बढ़ने पर अक्सर ध्यान केवल वैल्यूएशन, विकास की गति और अगले माइलस्टोन तक सीमित होकर रह जाता है.

भरोसेंमंद उत्पात और मजबूत टीम से मिलती है सफलता
अनिल अग्रवाल ने कहा कि दीर्घकालिक सफलता उन संस्थानों को मिलती है जो भरोसेमंद उत्पाद विकसित करते हैं, मजबूत टीमों का निर्माण करते हैं और ऐसे समाधान प्रदान करते हैं जो लोगों के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाते हैं. उन्होंने कहा कि बड़े परिवर्तन और स्थायी उपलब्धियां केवल आंकड़ों के पीछे भागने से नहीं, बल्कि मजबूत और सार्थक व्यवसाय खड़ा करने से हासिल होती हैं.
जिम्मेदारी के साथ पूंजी भी जुटाएं
युवा उद्यमियों से अपील करते हुए उन्होंने आगे कहा कि वे सोच-समझकर निर्णय लें, जिम्मेदारी के साथ पूंजी जुटाएं और अपने मूल उद्देश्य को कभी न भूलें. उनके मुताबिक वैल्यूएशन महत्वपूर्ण है, लेकिन उसे व्यवसाय के वास्तविक लक्ष्य और उद्देश्य पर हावी नहीं होने देना चाहिए.
ALSO READ : मुहर्रम को लेकर जिला स्तरीय शांति समिति की बैठक संपन्न, प्रशासन ने की सौहार्द बनाए रखने की अपील


