गुमला: सिसई प्रखंड के पुसो थाना क्षेत्र में एक 24 वर्षीय युवक ने आम के पेड़ से फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली. मृतक की पहचान संजीत उरांव (पिता स्व. रामचंद्र उरांव) के रूप में हुई है. प्राप्त जानकारी के अनुसार संजीत शौच जाने की बात कहकर गांव के कुछ लड़कों के साथ घर से निकला और खेत की ओर चला गया. काफी देर तक वापस नहीं लौटने पर साथ गए बच्चों ने घर पहुंचकर परिजनों को इसकी जानकारी दी. इसके बाद परिजन तलाश में निकल पड़े. खोजबीन के दौरान खेत के पास आम के पेड़ में संजीत को फांसी के फंदे पर झूलता हुआ पाया गया.
मानसिक रूप से परेशान था संजीत
घटना की सूचना तुरंत पुसो थाना पुलिस को दी गई. सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और ग्रामीणों के सहयोग से शव को पेड़ से नीचे उतारा गया. परिजनों ने बताया कि संजीत कुछ समय पहले मजदूरी करने के लिए केरल गया था, जहां से वह एक युवती को साथ लेकर गांव आया और उसके साथ रह रहा था. बाद में युवती के परिजन गांव पहुंचकर उसे अपने साथ ले गए. इस घटना के बाद से संजीत मानसिक रूप से परेशान और डिप्रेशन में रहने लगा था. आशंका जताई जा रही है कि इसी तनाव के कारण उसने आत्महत्या जैसा कदम उठाया. पुलिस मामले की जांच में जुट गई है.
यह भी पढ़ें: राष्ट्रीय OBC बैठक: झारखंड की आवाज बुलंद करने दिल्ली रवाना हुए केशव महतो कमलेश
