Ranchi: रांची विश्वविद्यालय की प्रशासनिक व्यवस्था को सुस्त रफ्तार से बाहर निकालने और शैक्षणिक माहौल को धार देने के लिए एक बड़ा बदलाव किया गया है. अब विश्वविद्यालय की कार्यप्रणाली केवल फाइलों तक सीमित नहीं रहेगी, बल्कि धरातल पर भी नजर आएगी. विश्वविद्यालय प्रशासन द्वारा जारी अधिसूचना के अनुसार, कुलपति प्रो सरोज शर्मा अब मोरहाबादी परिसर स्थित रसायन विज्ञान विभाग के भवन से अपना नया परिसर कार्यालय संचालित करेंगी. प्रशासनिक चुस्ती दिखाते हुए आंतरिक गुणवत्ता आश्वासन प्रकोष्ठ (आइक्वैक) को भी तत्काल प्रभाव से बेसिक साइंस बिल्डिंग के कमरा नंबर 201 में स्थानांतरित कर दिया गया है.
यह भी पढ़ें : गरीबी को मात, सपनों को उड़ान : झारखंड सरकार की ‘आकांक्षा’ ने फिर रचा इतिहास, 42 छात्रों ने जेईई मेन में गाड़े झंडे
छात्रों के बीच पहुंचेंगी कुलपति : सुधरेगा संवाद
इस रणनीतिक बदलाव का सबसे बड़ा लाभ मोरहाबादी परिसर में संचालित दर्जनों विभागों के छात्रों और शोधार्थियों को मिलेगा. कुलपति अब दो मोर्चों पर काम करेंगी; जहां वे मुख्य प्रशासनिक भवन से नीतिगत निर्णय लेंगी, वहीं मोरहाबादी कार्यालय से शिक्षकों और छात्रों की समस्याओं का त्वरित और सीधा समाधान करेंगी. रजिस्ट्रार गुरुचरण साहू ने स्पष्ट किया कि इस पहल का उद्देश्य विभागों के बीच संवादहीनता को खत्म कर पारदर्शिता लाना है.
यह भी पढ़ें : ओटीसी ग्राउंड के समीप हुई वारदात 90 के दशक के जंगलराज की दिलाती है याद : संजय सेठ
