National News: केरल के त्रिशूर जिले में मंगलवार को एक बड़ा हादसा हो गया. यहां पटाखों के गोदाम में अचानक आग लग गई, जिसमें 13 लोगों की मौत हो गई और कई लोग झुलस गए. इस घटना की पुष्टि केरल राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (KSDMA) ने की है. अधिकारियों के अनुसार, हादसे के समय फैक्ट्री के शेड में लगभग 40 लोग काम कर रहे थे. ये सभी आगामी त्रिशूर पूरम त्योहार के लिए पटाखे तैयार कर रहे थे. दोपहर करीब 3:30 बजे अचानक विस्फोट हुआ, जिसके बाद लगातार कई छोटे-बड़े धमाके होते रहे. इन धमाकों की आवाज कई किलोमीटर दूर तक सुनी गई और आसपास के कुछ घरों को भी नुकसान पहुंचा.
बचाव कार्य में आई मुश्किलें
लगातार हो रहे धमाकों के कारण राहत और बचाव कार्य में काफी दिक्कतें आईं. इसके बावजूद स्थानीय लोग तुरंत मौके पर पहुंचे और घायलों को अस्पताल पहुंचाने में मदद की. कई लोगों को मलबे से बाहर निकाला गया. घायलों को नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है.
घायलों की हालत गंभीर
जानकारी के अनुसार, 5 लोगों की हालत गंभीर है और वे आईसीयू में भर्ती हैं. 2 लोग अस्पताल के वार्ड में हैं, 17 लोगों को हल्की चोटें आई हैं. सरकार ने सभी घायलों के अच्छे इलाज के निर्देश दिए हैं. अस्पताल में जरूरी इंतजाम भी किए जा रहे हैं और मौके पर एंबुलेंस भेजी गई हैं. घटना स्थल पर पर्याप्त संख्या में एंबुलेंस, जिसमें 108 सेवाएं भी शामिल हैं, तैनात की गई हैं.
सरकार ने दिए सख्त निर्देश
मुख्यमंत्री पिनराई विजयन ने घटना पर दुख जताते हुए अधिकारियों को निर्देश दिए हैं, कि घायलों को हर संभव बेहतर इलाज मिले. जरूरत पड़ने पर बाहर से विशेषज्ञ डॉक्टरों को बुलाने के भी निर्देश दिए गए हैं.
स्वास्थ्य मंत्री वीना जॉर्ज ने त्रिशूर मेडिकल कॉलेज और जनरल अस्पताल में विशेष इंतजाम करने को कहा है. साथ ही आसपास के अस्पतालों को भी अलर्ट पर रखा गया है और 108 सेवा सहित अतिरिक्त एंबुलेंस तैनात की गई हैं.
कैसे हुआ हादसा?
बताया जा रहा है कि यह हादसा उस समय हुआ जब एक शेड में मंदिर के लिए पटाखे बनाए जा रहे थे. 26 अप्रैल को होने वाले त्रिशूर पूरम त्योहार की तैयारी चल रही थी. इसी दौरान अचानक आग लग गई और बड़ा हादसा हो गया.
कांग्रेस के महासचिव ने जताया शोक
कांग्रेस के महासचिव केसी वेणुगोपाल ने इस घटना पर गहरा दुख जताया है. उन्होंने कहा कि इस हादसे की भयावहता सुनकर वे स्तब्ध हैं और मृतकों के परिवारों के प्रति अपनी संवेदनाएं व्यक्त कीं. उन्होंने सरकार से अपील की, कि राहत और बचाव कार्य में कोई कमी न रखी जाए और सभी घायलों को जल्द से जल्द बेहतर इलाज उपलब्ध कराया जाए.
यह भी पढ़ें: वेदांता ने डीमर्जर के लिए 1 मई को किया रिकॉर्ड तिथि निर्धारित, शेयर आवंटन के विवरण की हुई घोषणा
