Giridih: कांग्रेस के कार्यकारी अध्यक्ष जलेश्वर महतो मंगलवार को गिरिडीह पहुंचे, जहां उन्होंने प्रेसवार्ता कर केंद्र सरकार की खनिज नीति, झारखंड के हितों और राम मंदिर चंदा मामले को लेकर भाजपा पर निशाना साधा. प्रेसवार्ता में कांग्रेस जिलाध्यक्ष सतीश केडिया, प्रदेश सचिव धनंजय सिंह, राजेश तुरी, अजय सिन्हा मंटू समेत पार्टी के कई नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे.

खनिज नीति को लेकर केंद्र पर साधा निशाना
जलेश्वर महतो ने कहा कि केंद्र की मोदी सरकार की नीतियों का सीधा असर झारखंड जैसे खनिज संपदा से समृद्ध लेकिन आर्थिक रूप से पिछड़े राज्य पर पड़ रहा है. उन्होंने आरोप लगाया कि खनिज संसाधनों से होने वाली आय पर केंद्र की ओर से लगाए जा रहे अतिरिक्त सेस का बोझ अंततः राज्य सरकार की योजनाओं और आम जनता पर पड़ रहा है. उन्होंने कहा कि झारखंड के संसाधनों का लाभ राज्य की जनता को मिलना चाहिए, लेकिन केंद्र सरकार की नीतियों के कारण राज्य के हित प्रभावित हो रहे हैं. उन्होंने कहा कि कांग्रेस झारखंड के अधिकारों और जनता के हितों की लड़ाई से पीछे नहीं हटेगी.
मंईयां सम्मान योजना का भी किया जिक्र
जलेश्वर महतो ने कहा कि राज्य की हेमंत सोरेन सरकार ने महिलाओं को आर्थिक रूप से मजबूत करने के उद्देश्य से मंईयां सम्मान योजना के तहत ढाई हजार रुपये की सहायता शुरू की है. उनका आरोप है कि केंद्र की खनिज नीति और अतिरिक्त आर्थिक बोझ के कारण राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं पर असर पड़ रहा है.
27 अगस्त से कांग्रेस शुरू करेगी आंदोलन
जलेश्वर महतो ने केंद्र सरकार के खिलाफ कांग्रेस के आंदोलन की घोषणा करते हुए कहा कि 27 अगस्त से पार्टी चरणबद्ध तरीके से आंदोलन शुरू करेगी. उन्होंने कहा कि आंदोलन के माध्यम से केंद्र सरकार की नीतियों को जनता के बीच उजागर किया जाएगा और झारखंड के खनिज संसाधनों पर राज्य के अधिकार की आवाज बुलंद की जाएगी. उन्होंने कांग्रेस कार्यकर्ताओं से आंदोलन को मजबूती देने और बड़ी संख्या में भाग लेने का आह्वान किया.
राम मंदिर चंदा मामले में भाजपा पर हमला
प्रेसवार्ता के दौरान राम मंदिर चंदा मामले को लेकर भी जलेश्वर महतो ने भाजपा पर निशाना साधा. उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पर आरोप लगाते हुए कहा कि भाजपा ने धर्म के नाम पर राजनीति की है. उन्होंने कहा कि धार्मिक आस्था लोगों की भावनाओं से जुड़ा विषय है और इसके नाम पर किसी भी तरह का खिलवाड़ जनता स्वीकार नहीं करेगी. उन्होंने दावा किया कि जनता ऐसे मामलों को लेकर भाजपा से सवाल करेगी.
JPSC-JSSC मामले में सीबीआई जांच के सवाल पर बोले जलेश्वर महतो
JPSC और JSSC से जुड़े कथित अनियमितता के मामलों में सीबीआई जांच की मांग को लेकर पूछे गए सवाल पर जलेश्वर महतो ने सीबीआई जांच का समर्थन नहीं किया. उन्होंने कहा कि फिलहाल मामले की सीआईडी जांच चल रही है. ऐसे में सीबीआई जांच की आवश्यकता को लेकर सवाल उठता है. प्रेसवार्ता के दौरान कांग्रेस नेताओं ने केंद्र सरकार की नीतियों को लेकर कई सवाल उठाए और 27 अगस्त से प्रस्तावित आंदोलन को लेकर कार्यकर्ताओं से एकजुट होने की अपील की. कांग्रेस ने संकेत दिया कि खनिज बिल समेत अन्य मुद्दों को लेकर केंद्र सरकार के खिलाफ उसका राजनीतिक अभियान आगे और तेज होगा.
ALSO READ: सरायकेला: SIR-2026 मतदाता सूची सत्यापन को लेकर जागरूकता अभियान तेज

