Palamu: केंद्र की मोदी सरकार के सफल कार्यकाल के 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में पलामू सांसद बीडी राम ने “12 साल विश्वास के, विकास के, जन कल्याण के” कार्यक्रम के तहत संसदीय क्षेत्र में एक विशेष जनसंपर्क अभियान चलाया. इस अभियान के दौरान उन्होंने डालटनगंज विधानसभा क्षेत्र के कई प्रमुख प्रबुद्ध नागरिकों से उनके आवास पर जाकर मुलाकात की, जिनमें शाहपुर के श्री संजय जायसवाल, चैनपुर के श्री शंभू साव, शांतिपुरी के डॉ. पी. एल. पांडेय, सुदना के कवि रविशंकर पांडेय और हमीदगंज के डॉ. मनीष पासवान शामिल हैं. इसके बाद उन्होंने चैनपुर के स्प्रिंगफील्ड इंटरनेशनल स्कूल और मेदिनीनगर के कचरवा डैम में वृक्षारोपण अभियान चलाकर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया.
प्लास्टिक मुक्त समाज बनाने की अपील
जनसंपर्क के दौरान सांसद बीडी राम ने स्वच्छता अभियान के तहत स्वयं साफ-सफाई की और लोगों से प्लास्टिक अपशिष्ट को पूरी तरह हटाने की अपील की. उन्होंने प्लास्टिक की थैलियों के स्थान पर कपड़े और कागज के थैलों का उपयोग करने का अनुरोध करते हुए कहा कि प्लास्टिक पर्यावरण और स्वास्थ्य के लिए बेहद घातक है. यह नॉन-बायोडिग्रेडेबल होने के कारण मिट्टी की उर्वरता को नष्ट करता है और नालियों को जाम कर जलभराव की समस्या पैदा करता है.

Also Read: अडानी-अंबानी के बाद अब नाथवानी मॉडल, झारखंड को नहीं बनने देंगे सौदेबाजी का मैदान : डॉ. इरफान अंसारी
किया स्थलीय निरीक्षण
उन्होंने प्रगति पथ यात्रा के तहत क्षेत्र की उच्च प्राथमिकता वाली विकास परियोजनाओं, जैसे डालटनगंज बाईपास रोड, पोखराहा स्थित मेडिकल कॉलेज व केंद्रीय विद्यालय तथा जुडको द्वारा निर्माणाधीन फेज-2 पेयजलापूर्ति योजना का स्थलीय निरीक्षण कर अधिकारियों से अद्यतन स्थिति की जानकारी ली.
‘राष्ट्र प्रथम’ के संकल्प के साथ आगे बढ़ रही है सरकार : बीडी राम
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सांसद बीडी राम ने कहा कि माननीय प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी ‘राष्ट्र प्रथम’ के संकल्प के साथ देश की सेवा कर रहे हैं. उनके दूरदर्शी नेतृत्व में एनडीए सरकार के ऐतिहासिक 12 वर्ष पूरे हो रहे हैं. इस दौरान सरकार ने गरीबों, शोषितों, किसानों और नारी शक्ति के सशक्तिकरण के लिए उल्लेखनीय कार्य किए हैं. उन्होंने बताया कि राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री नितिन नवीन के निर्देशानुसार देशभर में 5 जून से 21 जून 2026 तक विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है. आने वाले दिनों में श्री नरेंद्र मोदी देश के सबसे लंबे समय तक निरंतर निर्वाचित रहने वाले प्रधानमंत्री बनकर जनसेवा का एक नया मील का पत्थर स्थापित करेंगे.
इनकी रही सक्रिय भागीदारी
इस व्यापक अभियान में सांसद के साथ भाजपा जिला अध्यक्ष श्री अमित तिवारी, वरिष्ठ नेता विजयानंद पाठक, विभाकर नारायण पांडेय, अविनाश वर्मा, प्रमोद सिंह, जिला सांसद प्रतिनिधि विजय ओझा, शिवकुमार मिश्रा, ईश्वरी पांडेय, अविनाश सिन्हा, भोला पांडेय, श्रवण गुप्ता, राजेश सिंह, शशिभूषण पांडेय, जय दुबे, धीरज गुप्ता, मनीष पांडेय, रुपेश कुमार, सुदेश्वर चौधरी, आनंद सिंह, राघवेंद्र तिवारी, विजय शर्मा, विजय पाठक, मुकेश अग्रवाल, रंजन अग्रवाल, शंभू साहू, संजय जायसवाल, राजेंद्र मिश्रा, अनिल जायसवाल, मोनू जायसवाल, पूर्व प्रमुख विजय प्रसाद, सुनील तिवारी, सुनील पांडे, शुभम तिवारी, मनोज प्रजापति और सांसद के निजी सचिव अलख दुबे सहित कौशल झा व आशीष कुमार मुख्य रूप से शामिल रहे.
