RANCHI: राज्य के 40 IAS अधिकारियों का चयन मिड करियर ट्रेनिंग प्रोग्राम (फेज-3) के लिए किया गया है. इसके लिए ये सभी अधिकारी जल्द ही उत्तराखंड स्थित लाल बहादुर शास्त्री राष्ट्रीय प्रशासन अकादमी, मसूरी के लिए रवाना होंगे.
प्रशिक्षण का शेड्यूल
यह विशेष प्रशिक्षण सत्र 11 मई से शुरू होकर 5 जून तक चलेगा. प्रशासनिक सेवा के मध्य पड़ाव पर दी जाने वाली यह ट्रेनिंग अधिकारियों की कार्यक्षमता और नीति-निर्धारण कौशल को और अधिक सशक्त बनाने के लिए तैयार की गई है.
पदोन्नति से जुड़ी अहम प्रक्रिया
यह ट्रेनिंग केवल कौशल विकास तक सीमित नहीं है, बल्कि यह अधिकारियों की आगामी पदोन्नति के लिए एक अनिवार्य अहर्ता भी है. वर्तमान में राज्य सरकार और केंद्र सरकार के स्तर पर इन अधिकारियों को विरमित करने तथा प्रशिक्षण से संबंधित सभी कागजी प्रक्रियाओं को अंतिम रूप दिया जा रहा है.
आधुनिक प्रशासन और नई चुनौतियां
करीब चार सप्ताह तक चलने वाले इस कार्यक्रम में अधिकारियों को बदलते वैश्विक परिदृश्य, डिजिटल गवर्नेंस, सार्वजनिक नीति निर्माण और जटिल प्रशासनिक चुनौतियों से निपटने की गहन जानकारी दी जाएगी. केंद्र सरकार की इस पहल का उद्देश्य वरिष्ठ पदों पर जाने से पहले अधिकारियों को आधुनिक शासन प्रणाली के अनुरूप और अधिक सक्षम बनाना है.
ALSO READ: JAC 9th Result 2026: कोडरमा और बोकारो का दबदबा, जिलों में दिखा जबरदस्त मुकाबला, बेटियों ने मारी बाजी
