Giridih : शहर के होटल अशोका में इनर व्हील क्लब ऑफ गिरिडीह पर्ल्स का 6वां इंस्टॉलेशन समारोह भव्य और गरिमामय वातावरण में आयोजित किया गया. समारोह में नई कार्यकारिणी ने पदभार ग्रहण किया और समाजसेवा, महिला सशक्तिकरण तथा जनकल्याण के क्षेत्र में निरंतर कार्य करने का संकल्प दोहराया.
कार्यक्रम की मुख्य अतिथि
कार्यक्रम की मुख्य अतिथि डिस्ट्रिक्ट सेक्रेटरी नीता नारायण ने नई कार्यकारिणी का इंस्टॉलेशन कराया. इस अवसर पर PDC पूनम सहाय की विशेष उपस्थिति रही. उन्होंने क्लब के सेवा कार्यों की सराहना करते हुए सामाजिक सरोकारों से जुड़े कार्यक्रमों को आगे भी प्रभावी ढंग से संचालित करने का आह्वान किया. समारोह में इनर व्हील क्लब ऑफ स्वर्णरेखा, रांची की अध्यक्ष नीता शेखर, सचिव शालिनी सिन्हा और चार्टर अध्यक्ष दीपा चौहान सहित कई गणमान्य अतिथि मौजूद रहे. क्लब की ओर से अध्यक्ष प्रीति भास्कर, सचिव नमिता वर्मा, एडिटर मृदुला शर्मा, आईएसओ सृष्टि सिन्हा और कोषाध्यक्ष नेहा सिंह ने अतिथियों का स्वागत किया. सदस्य सरिता देवी और ऋतु लाला भी कार्यक्रम में शामिल रहीं. समारोह के दौरान मेघा, सविता चक्रवर्ती, खुशबू कुमारी और प्रिया रघुवंशी को क्लब की नई सदस्यता प्रदान की गई. कार्यक्रम का शुभारंभ स्मार्ट ड्रीम एकेडमी की छात्रा दान्या रौशन द्वारा प्रस्तुत मनमोहक शिव तांडव नृत्य से हुआ, जिसने उपस्थित अतिथियों की खूब सराहना बटोरी.
कॉपी बैंक, महिला स्वास्थ्य और व्हीलचेयर दान जैसी जनसेवा योजनाओं की शुरुआत
समारोह में रोटरी परिवार की ओर से PDG प्रकाश बगड़िया, AG रवि चुड़ीवाला, रोटरी क्लब ऑफ गिरिडीह के अध्यक्ष अमित गुप्ता, सचिव मनीष बर्नवाल और रोटरी ग्रेटर के सचिव अनिल मिश्रा उपस्थित रहे. वहीं इनर व्हील क्लब ऑफ गिरिडीह सनशाइन की अध्यक्ष राखी झुनझुनवाला, पूर्व अध्यक्ष कविता राजगढ़िया, उपाध्यक्ष स्मृति आनंद, CGR सोनाली तरवे और पूर्व अध्यक्ष शबाना रब्बानी ने भी समारोह की शोभा बढ़ाई. इस अवसर पर क्लब ने व्हीलचेयर दान, कॉपी बैंक, महिला स्वास्थ्य और मासिक धर्म स्वच्छता जागरूकता अभियान और सिलाई मशीन वितरण जैसे कई सेवा प्रकल्पों की शुरुआत की. कॉपी बैंक का शुभारंभ सान्वी भास्कर, संध्या वर्मा और अथर्व शर्मा ने अपनी पुरानी कॉपियां दान कर किया, ताकि जरूरतमंद विद्यार्थियों को अध्ययन सामग्री उपलब्ध कराई जा सके.
सेवा, शिक्षा और महिला सशक्तिकरण की दिशा में रोटरी क्लब की नई पहल
सेवा परियोजना के तहत ग्राम बकोईया, पंचायत पिंडाटांड़ की लीलावती देवी को आत्मनिर्भर बनाने के उद्देश्य से सिलाई मशीन भेंट की गई. साथ ही गोल्ड चैंबर मशरूम उद्योग परिषद और पंचायत के सहयोग से सामुदायिक विकास और स्वरोजगार को बढ़ावा देने की दिशा में भी पहल की गई. कार्यक्रम में शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को भी सम्मानित किया गया. स्मार्ट ड्रीम एकेडमी के छात्र आर्य पलक को नीट परीक्षा में सफलता प्राप्त कर एम्स में चयन होने पर सम्मानित किया गया, जबकि छात्रा दान्या रौशन को उनकी सांस्कृतिक प्रस्तुति के लिए विशेष रूप से प्रोत्साहित किया गया. समारोह के अंत में क्लब की अध्यक्ष प्रीति भास्कर ने सभी अतिथियों, सदस्यों एवं सहयोगियों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि क्लब भविष्य में भी सेवा, शिक्षा, महिला सशक्तिकरण और सामाजिक उत्थान के क्षेत्र में समर्पित भाव से कार्य करता रहेगा.
