Bokaro: डीवीसी बोकारो थर्मल पावर प्लांट की 500 मेगावाट क्षमता वाली यूनिट में ट्यूब लीकेज के कारण शुक्रवार को उत्पादन पूरी तरह ठप हो गया है. तकनीकी खराबी के चलते शुक्रवार दोपहर दो बजे यूनिट को शटडाउन दिया गया. इस कारण अगले दो दिनों तक पावर प्लांट से बिजली उत्पादन प्रभावित रहेगा, जिसका सीधा असर झारखंड के साथ-साथ दिल्ली, पंजाब और बिहार की बिजली आपूर्ति पर पड़ने की संभावना है.

364 मेगावाट से घटकर 300 मेगावाट हुआ उत्पादन
प्राप्त जानकारी के अनुसार, शुक्रवार सुबह तक प्लांट से 364 मेगावाट बिजली का उत्पादन हो रहा था. दोपहर पौने दो बजे तक यह घटकर 300 मेगावाट पर पहुंच गया. ट्यूब लीकेज की पुष्टि होते ही अधिकारियों ने त्वरित कार्रवाई करते हुए यूनिट को बंद करने का फैसला लिया.
बायलर ठंडा होने के बाद शुरू होगी मरम्मत
मामले की जानकारी देते हुए मुख्य प्रबंधक एवं परियोजना प्रधान सुशील कुमार अरजरिया ने बताया कि शटडाउन के बाद प्लांट के बायलर को पूरी तरह ठंडा होने में समय लगता है. बायलर ठंडा होने के उपरांत ही मेंटेनेंस टीम लीकेज की मरम्मत का कार्य शुरू कर सकेगी.
सोमवार शाम तक लाइटअप की उम्मीद
परियोजना प्रधान ने उम्मीद जताई कि यदि सभी परिस्थितियां सामान्य रहीं और मरम्मत का काम समय पर पूरा हो गया, तो सोमवार शाम तक यूनिट को लाइटअप कर फिर से बिजली उत्पादन शुरू कर दिया जाएगा.
कई राज्यों में बिजली आपूर्ति पर असर की आशंका
गौरतलब है कि डीवीसी का यह पावर प्लांट एक प्रमुख ऊर्जा स्रोत है और यहां से उत्पादित बिजली राष्ट्रीय ग्रिड के माध्यम से झारखंड के अलावा दिल्ली, पंजाब और बिहार जैसे राज्यों को भी भेजी जाती है. ऐसे में 500 मेगावाट की मुख्य यूनिट के बंद होने से इन राज्यों में बिजली आपूर्ति प्रभावित होने की आशंका जताई जा रही है.

