Bokaro: DC अजय नाथ झा ने शनिवार को समाहरणालय में गोमिया प्रखंड की सियारी पंचायत में आयोजित लोक संवाद में ग्रामीणों द्वारा उठाए गए मामलों की समीक्षा की. उन्होंने संबंधित अधिकारियों को लंबित मामलों का समयबद्ध निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया.

शिक्षा और सड़क पर विशेष जोर
डुमरी बिरहोर मध्य विद्यालय को उच्च विद्यालय में अपग्रेड करने का प्रस्ताव राज्य सरकार को भेजे जाने की जानकारी दी गई. उपायुक्त ने विद्यालय के अपग्रेड होने तक बच्चों के लिए मुख्यमंत्री ग्राम गाड़ी योजना के तहत वैकल्पिक परिवहन व्यवस्था करने का निर्देश दिया. धमदरबा-कासीटांड-बिरहोरडेरा, डुमरी-बड़कीकोयाटांड़ और तुलबुल-ढेंढे-सियारी मार्ग की सड़क व पुल की समस्याओं की भी समीक्षा हुई. विशेष प्रमंडल को 30 अगस्त तक स्थल सर्वे कर रिपोर्ट देने को कहा गया.
स्वास्थ्य, आवास और रोजगार पर पहल
वनाधिकार के तहत पात्र ग्रामीणों को वन पट्टा दिलाने के लिए ग्रामसभा कराने और जागरूकता कार्यक्रम चलाने का निर्देश दिया गया. जर्जर प्रधानमंत्री आवासों की मरम्मत तथा स्वास्थ्य सुविधा के लिए आवश्यक पहल करने को कहा गया. सीएसआर के माध्यम से ओएनजीसी से एंबुलेंस उपलब्ध कराने की संभावना तलाशने का निर्देश भी दिया गया. ग्रामीणों को स्वरोजगार से जोड़ने के लिए पत्तल और रस्सी निर्माण जैसी गतिविधियों को बढ़ावा देने तथा स्वयं सहायता समूहों को जरूरी मशीन और संसाधन उपलब्ध कराने पर जोर दिया गया.
सियारी को मॉडल और नशामुक्त पंचायत बनाने की पहल
उपायुक्त ने सियारी पंचायत को मॉडल पंचायत के रूप में विकसित करने के लिए विभागों को समन्वय से काम करने को कहा. युवाओं के लिए कोचिंग, विद्यार्थियों के लिए बेहतर शैक्षणिक अवसर और कम्युनिटी फार्मिंग को बढ़ावा देने की बात कही. उन्होंने पंचायत को नशामुक्त बनाने के लिए जागरूकता अभियान, यूथ ब्रिगेड और सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित करने पर भी जोर दिया.
AlsoRead:50 हजार रिश्वत लेते पकड़ी गई खूंटी महिला थाना की पूर्व प्रभारी को नहीं मिला बेल

