Lohardaga: उपायुक्त संदीप कुमार मीना ने शनिवार को कुडू अंचल कार्यालय का औचक निरीक्षण किया. इस दौरान उन्होंने अंचल कार्यालय में संचालित विभिन्न प्रशासनिक एवं राजस्व कार्यों की विस्तृत समीक्षा की. उपायुक्त ने कार्यालय में संधारित विभिन्न पंजियों एवं महत्वपूर्ण अभिलेखों का अवलोकन करते हुए अधिकारियों और कर्मियों को सभी रिकॉर्ड नियमित रूप से अद्यतन रखने तथा आम नागरिकों से जुड़े मामलों का निर्धारित समय-सीमा में निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया.

निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने सबसे पहले अंचल कार्यालय में स्वीकृत एवं कार्यरत कर्मियों की संख्या की जानकारी ली. उन्होंने कर्मियों की उपस्थिति, उनके दायित्व और कार्यालय की कार्यप्रणाली की भी समीक्षा की. इसके बाद आगत एवं निर्गत पंजी, अनुक्रमणिका पंजी, कर्म पुस्तिका, कार्य तालिका, दैनिक उपस्थिति पंजी, आकस्मिक अवकाश पंजी, सेवा पुस्तिका सहित अन्य सेवा संबंधी पंजियों का निरीक्षण किया. उन्होंने कार्यरत चौकीदारों की संख्या और उनके दायित्वों की भी जानकारी प्राप्त की.
राजस्व कार्यों और लंबित मामलों की समीक्षा
राजस्व कार्यों की समीक्षा के दौरान उपायुक्त ने पेंशन एवं उपादान पंजी, सैरात पंजी, नामांतरण पंजी, भूमि सीमांकन पंजी, ऑनलाइन पंजी-2 प्रविष्टि एवं सुधार पंजी समेत विभिन्न अभिलेखों की स्थिति देखी. उन्होंने नामांतरण, भूमि सीमांकन और ऑनलाइन राजस्व मामलों के निष्पादन की जानकारी लेते हुए लंबित मामलों को नियमानुसार निर्धारित समय-सीमा के भीतर पूरा करने का निर्देश दिया.
उपायुक्त ने जाति, आय एवं आवासीय प्रमाण-पत्र से संबंधित पंजियों और आवेदनों की भी समीक्षा की. उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया कि प्रमाण-पत्र जारी करने के मामलों में अनावश्यक विलंब नहीं होना चाहिए. पात्र आवेदकों को निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार समय पर प्रमाण-पत्र उपलब्ध कराया जाए, ताकि लोगों को कार्यालय का अनावश्यक चक्कर नहीं लगाना पड़े.
रिकॉर्ड अपडेट रखने और पारदर्शिता पर जोर
निरीक्षण के क्रम में तत्काल पंजी, लगान वसूली, प्राकृतिक आपदा पंजी, रोकड़ पंजी, स्थापना पंजी, अंकेक्षण पंजी तथा खतियान एवं अवशेष पंजी सहित अन्य महत्वपूर्ण दस्तावेजों का भी अवलोकन किया गया. उपायुक्त ने पंजियों में पारदर्शिता, शुद्धता और अद्यतन प्रविष्टियों पर विशेष ध्यान देने को कहा.
उपायुक्त संदीप कुमार मीना ने कहा कि अंचल कार्यालय सीधे तौर पर आम जनता से जुड़ा महत्वपूर्ण प्रशासनिक केंद्र है. इसलिए यहां राजस्व एवं प्रमाण-पत्र से जुड़े कार्यों में पारदर्शिता और जवाबदेही जरूरी है. उन्होंने अधिकारियों एवं कर्मियों को निर्देश दिया कि प्राप्त आवेदनों का समयबद्ध निष्पादन किया जाए और लंबित मामलों की नियमित समीक्षा कर उनके निस्तारण की कार्रवाई सुनिश्चित की जाए.
उन्होंने कार्यालय के सभी पंजियों एवं अभिलेखों को व्यवस्थित रखने, आवश्यक प्रविष्टियां समय पर दर्ज करने तथा कार्यालयीन कार्यों में नियमों और निर्धारित प्रक्रिया का पूरी तरह पालन करने का भी निर्देश दिया. उपायुक्त ने कहा कि बेहतर प्रशासन का उद्देश्य आम नागरिकों को सरल, पारदर्शी और समयबद्ध सेवाएं उपलब्ध कराना है.
निरीक्षण के दौरान अपर समाहर्ता जितेंद्र मुंडा, जिला भू-अर्जन पदाधिकारी-सह-प्रभारी पदाधिकारी कुडू अंगार नाथ स्वर्णकार, अंचल अधिकारी संतोष उराँव सहित अंचल के निरीक्षक एवं सभी संबंधित कर्मी मौजूद रहे.
ALSO READ: लोहरदगा: कोयल नदी में पत्थरों के बीच फंसा मिला महिला का शव, गुरुवार से थी लापता

