Lohardaga: सदर थाना क्षेत्र के बाघा और हिरही स्कूल जोबला टोली के बीच बहने वाली कोयल नदी से शनिवार दोपहर एक महिला का शव बरामद होने के बाद इलाके में सनसनी फैल गई. महिला बीते गुरुवार से लापता थी और परिजनों ने उसके लापता होने की लिखित शिकायत थाने में दर्ज कराई थी. शव मिलने की सूचना के बाद मृतका के परिजनों में मातम पसर गया. जानकारी के अनुसार, शुक्रवार दोपहर करीब तीन बजे कुछ ग्रामीणों ने कोयल नदी में एक महिला का शव बहते हुए देखा था. इसके बाद शनिवार सुबह नदी में ड्रोन कैमरे की मदद से खोजबीन शुरू की गई. इसी दौरान नदी के बीच पत्थरों के बीच एक शव फंसा हुआ दिखाई दिया. ग्रामीणों ने तत्काल इसकी सूचना पुलिस को दी. सूचना मिलते ही सदर थाना के एएसआई कुलदीप राज टोप्पो पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे. पुलिस ने चौकीदार समसुल अंसारी और स्थानीय ग्रामीणों की मदद से काफी मशक्कत के बाद शव को नदी के बीच से बाहर निकाला. शव की पहचान चान्हो थाना क्षेत्र के बदरी ताला निवासी सुको उरांव, पति दिनेश उरांव के रूप में हुई है.

यह भी पढ़ें: JSSC CGL: हाईकोर्ट स्टे के बाद सोमवार से ड्यूटी पर लौट सकते हैं करीब 1975 सरकारी अधिकारी व कर्मी
पुलिस ने कहा- पोस्टमार्टम रिपोर्ट से ही मौत के कारणों का होगा खुलासा
बताया गया कि महिला गुरुवार को कुडू थाना क्षेत्र के उमरी गांव स्थित अपने रिश्तेदार के घर गई थी. इसके बाद वह वापस घर नहीं लौटी. काफी खोजबीन के बावजूद महिला का कोई सुराग नहीं मिलने पर परिजनों ने संबंधित थाने में उसके लापता होने की लिखित शिकायत दर्ज कराई थी. इसी बीच कोयल नदी से शव बरामद होने की सूचना ने परिवार को झकझोर कर रख दिया. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए लोहरदगा सदर अस्पताल भेज दिया. सदर थाना की एएसआई अल्बीना लकड़ा की मौजूदगी में शनिवार शाम करीब चार बजे पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी की गई. फिलहाल महिला की मौत नदी में डूबने से हुई है या इसके पीछे कोई अन्य कारण है, इसका स्पष्ट खुलासा नहीं हो पाया है. पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है. पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही महिला की मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा. पुलिस ने घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जांच शुरू कर दी है.

