Palamu: मानदेय बढ़ोतरी समेत विभिन्न मांगों को लेकर JSLPS कैडर संघ ने मंगलवार को पलामू जिले के सभी प्रखंडों में प्रखंड विकास पदाधिकारी और JSLPS के BPM को पत्र सौंपा. संघ के प्रतिनिधियों ने पलामू उपायुक्त को भी अपनी मांगों से संबंधित पत्र सौंपा. इस दौरान सैकड़ों की संख्या में महिला कैडर डीसी कार्यालय पहुंचीं और अपनी मांगों के समर्थन में जमकर नारेबाजी की.संघ का कहना है कि G-CRP, A.W., JRP सेतु दीदी, बैंक सखी, V.O.A., AKM, APS CRP-EP और FLCRP कैडर कई वर्षों से कार्य कर रहे हैं, लेकिन इसके बावजूद उनके मानदेय में अपेक्षित बढ़ोतरी नहीं की गई है. कैडरों ने कहा कि महज 1500 रुपये प्रतिमाह मानदेय में काम करना मुश्किल है. निर्धारित कार्यों के अलावा अतिरिक्त जिम्मेदारियां भी दी जाती हैं, लेकिन उसका अलग से भुगतान नहीं किया जाता.

समय पर भुगतान, यात्रा एवं मोबाइल खर्च देने की मांग
कैडर संघ ने मानदेय में 15 हजार रुपये प्रतिमाह बढ़ोतरी, DBT के माध्यम से समय पर भुगतान, यात्रा एवं मोबाइल खर्च देने की मांग की है. इसके अलावा 60 वर्ष तक सेवा की स्थिरता और 20 लाख रुपये का बीमा देने की भी मांग रखी गई है. संघ ने कुशल कैडर को 800 रुपये और अकुशल कैडर को 400 रुपये प्रतिदिन के हिसाब से मानदेय देने की मांग की है. प्रदर्शन कर रही महिलाओं ने कहा कि वे घर-परिवार की जिम्मेदारियां छोड़कर काम करती हैं, लेकिन 1500 रुपये के मानदेय में परिवार चलाना मुश्किल है. महिलाओं ने कहा कि जब तक उनकी मांगें पूरी नहीं होतीं, तब तक वे कार्य स्थगित रखेंगी. संघ ने चेतावनी दी है कि अगर मांगों पर जल्द सकारात्मक पहल नहीं हुई तो संबंधित विभाग की मंत्री दीपिका सिंह पांडे के आवास पर भी सैकड़ों की संख्या में धरना-प्रदर्शन किया जाएगा.
AlsoRead:JMM कार्यकर्ताओं पर FIR नहीं हुई तो धरने पर बैठेंगे बाबूलाल मरांडी

