सरायकेला-खरसावां में शुरू हुआ ‘होम टू रोल वेरिफिकेशन’ अभियान, BLO घर-घर जाकर करेंगे मतदाता सूची का सत्यापन

Saraikela-Kharsawan: भारत निर्वाचन आयोग के निर्देश और मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी, झारखंड के दिशा-निर्देश के तहत मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR-2026)...

Saraikela-Kharsawan:  भारत निर्वाचन आयोग के निर्देश और मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी, झारखंड के दिशा-निर्देश के तहत मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR-2026) के अंतर्गत 25 अगस्त 2026 से जिले में ‘होम टू रोल वेरिफिकेशन’ कार्यक्रम शुरू किया गया. यह अभियान 4 सितंबर 2026 तक चलेगा.

BLO घर-घर जाकर करेंगे मतदाता विवरण का सत्यापन

अभियान के तहत बूथ लेवल ऑफिसर (BLO) घर-घर जाकर मतदाता सूची में दर्ज मतदाताओं और उनके परिवार के सदस्यों के नाम तथा अन्य संबंधित विवरण का सत्यापन करेंगे. इसका उद्देश्य एक ही परिवार और एक ही घर में रहने वाले पात्र मतदाताओं के नाम यथासंभव एक ही मतदान केंद्र की मतदाता सूची में दर्ज कराना है. साथ ही किसी भी पात्र भारतीय नागरिक को मतदाता सूची में शामिल होने से वंचित न रहने देने पर जोर दिया जाएगा.

मतदाता सूची में नाम नहीं होने पर प्रपत्र-6 से आवेदन की सुविधा

सत्यापन के दौरान यह भी जांच की जाएगी कि प्रारूप मतदाता सूची में पात्र नागरिकों के नाम दर्ज हैं या नहीं. जिन पात्र नागरिकों का नाम प्रारूप मतदाता सूची में दर्ज नहीं है, उन्हें निर्धारित प्रक्रिया के तहत प्रपत्र-6 के माध्यम से नाम पंजीकरण के लिए आवेदन करने में आवश्यक जानकारी और सहयोग उपलब्ध कराया जाएगा.

दूसरे राज्यों की मतदाता सूची में दर्ज नाम को स्थानांतरित करने का अवसर

ऐसे मतदाता जो वर्तमान में सामान्य रूप से सरायकेला-खरसावां जिले में रह रहे हैं, लेकिन उनका नाम बिहार, पश्चिम बंगाल या किसी अन्य राज्य की मतदाता सूची में दर्ज है, वे निर्धारित प्रक्रिया के तहत प्रपत्र-8 और घोषणापत्र के माध्यम से अपना नाम वर्तमान सामान्य निवास वाले मतदान केंद्र की मतदाता सूची में स्थानांतरित कराने के लिए आवेदन कर सकते हैं.

‘फैमिली टुगेदर’ स्टिकर से परिवारों को किया जाएगा जागरूक

अभियान के दौरान परिवार के सभी वयस्क और पात्र सदस्यों के नाम एक ही मतदान केंद्र की मतदाता सूची में दर्ज होने की स्थिति सुनिश्चित करने के उद्देश्य से ‘फैमिली टुगेदर’ स्टिकर लगाने की पहल भी की जाएगी. इसके माध्यम से परिवार के सदस्यों को अपने नाम और विवरण का सत्यापन करने तथा आवश्यक सुधार के लिए निर्धारित प्रक्रिया अपनाने के प्रति जागरूक किया जाएगा.

DC ने मतदाताओं से सहयोग की अपील की

जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-उपायुक्त सरायकेला-खरसावां नितिश कुमार सिंह ने मतदाताओं से अपील की कि BLO के घर-घर सत्यापन के दौरान आवश्यक सहयोग प्रदान करें. उन्होंने मतदाताओं से अपने और परिवार के सभी पात्र सदस्यों के नाम, पता और अन्य विवरण का सावधानीपूर्वक सत्यापन करने को कहा. उन्होंने कहा कि मतदाता सूची में किसी प्रकार की त्रुटि, नाम छूटने या अन्य आवश्यक सुधार की स्थिति में निर्धारित अवधि के भीतर संबंधित BLO या निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी के समक्ष आवश्यक प्रपत्र के माध्यम से दावा या आपत्ति प्रस्तुत करें.

1950 हेल्पलाइन और ECINET से मिलेगी जानकारी

मतदाता सहायता और आवश्यक जानकारी के लिए 1950 हेल्पलाइन तथा ECINET के माध्यम से उपलब्ध निर्वाचन संबंधी सुविधाओं का भी उपयोग किया जा सकता है.

ALSO READ: कैबिनेट का फैसला: शिक्षा के विस्तार और स्वास्थ्य सेवाओं को मिलेगी नई उड़ान, कैबिनेट ने 53 कल्याणकारी फैसलों पर लगाई मुहर

सम्बंधित ख़बरें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *