Koderma: मरकच्चो थाना क्षेत्र के महूगांय पंचायत अंतर्गत सोनेडीह डेबवा गांव में पुराने विवाद को लेकर दो पक्षों के बीच जमकर मारपीट हो गई. इस घटना में महिला समेत कुल सात लोग घायल हो गए. घायलों को इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, मरकच्चो ले जाया गया.

कहासुनी के बाद लाठी-डंडे से हुई मारपीट
जानकारी के अनुसार, दोनों पक्षों के बीच पहले से किसी विवाद को लेकर तनाव चल रहा था. इसी पुराने विवाद को लेकर सोमवार को दोनों पक्षों में कहासुनी हुई. देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और दोनों पक्षों के बीच लाठी-डंडे से मारपीट शुरू हो गई. घटना में बीरेंद्र प्रसाद बरनवाल, प्रिंस कुमार, अजय मोदी, जागेश्वर मोदी, दुर्गा मोदी, सतीश मोदी और शकुंतला देवी घायल हो गए.
CHC मरकच्चो में घायलों का इलाज
मारपीट की घटना के बाद परिजनों और ग्रामीणों की मदद से सभी घायलों को आनन-फानन में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, मरकच्चो पहुंचाया गया. यहां चिकित्सकों ने सभी घायलों का प्राथमिक उपचार किया.
दोनों पक्षों ने थाने में दिया आवेदन
घटना को लेकर दोनों पक्षों की ओर से मरकच्चो थाना में आवेदन दिया गया है. पुलिस ने मामले को जांच में लिया है और विवाद की वजह तथा मारपीट की घटना से जुड़े तथ्यों की पड़ताल कर रही है.

