Giridih: ईद-उल-मिलाद-उन-नबी पर्व को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न कराने को लेकर गिरिडीह जिला प्रशासन और पुलिस प्रशासन पूरी तरह अलर्ट है. पर्व के मद्देनजर मंगलवार को शहर में पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों ने फ्लैग मार्च कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया. फ्लैग मार्च बड़ा चौक से शुरू होकर शहर के विभिन्न प्रमुख मार्गों से गुजरते हुए उपनगरीय क्षेत्र पचंबा तक पहुंचा.

फ्लैग मार्च में शामिल हुए अधिकारी और जवान
फ्लैग मार्च में डीसी रामनिवास यादव, पुलिस अधीक्षक डॉ. विमल कुमार, डीएसपी-1, डीएसपी-2, सदर एसडीपीओ जीतवाहन उरांव सहित बड़ी संख्या में पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारी और जवान शामिल हुए. अधिकारियों ने शहर के प्रमुख चौक-चौराहों और संवेदनशील इलाकों का निरीक्षण करते हुए सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया.

धार्मिक स्थलों और संवेदनशील इलाकों में रहेगी विशेष निगरानी
प्रशासन की ओर से बताया गया कि ईद-उल-मिलाद-उन-नबी पर्व को लेकर जिले में पर्याप्त संख्या में पुलिस बल की तैनाती की जाएगी. प्रमुख चौक-चौराहों, धार्मिक स्थलों और संवेदनशील स्थानों पर पुलिस जवानों की विशेष निगरानी रहेगी. किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए पुलिस प्रशासन ने आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली हैं.
ड्रोन कैमरों से भी होगी निगरानी
भीड़भाड़ वाले इलाकों और जुलूस के मार्गों पर विशेष निगरानी के लिए ड्रोन कैमरों की मदद लेने की तैयारी है. इसके अलावा सोशल मीडिया पर भी प्रशासन की नजर रहेगी, ताकि किसी तरह की अफवाह या भड़काऊ गतिविधि को फैलने से रोका जा सके.
शांति और सौहार्द बनाए रखने की अपील
फ्लैग मार्च के दौरान प्रशासन ने लोगों से ईद-उल-मिलाद-उन-नबी का पर्व आपसी भाईचारे, शांति और सौहार्द के साथ मनाने की अपील की. अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि कानून-व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी. जिला प्रशासन ने आम लोगों से अफवाहों पर ध्यान नहीं देने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को देने की अपील की है. प्रशासन ने कहा कि सामूहिक सहयोग से ही पर्व को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराया जा सकता है.
ALSO READ: रांची में अवैध होर्डिंग पर निगम का डंडा, 95% होर्डिंग नियमों के खिलाफ मिले

