रांची में जश्न-ए-ईद मिलादुन्नबी को लेकर सुरक्षा के कड़े इंतजाम, चप्पे-चप्पे पर दंडाधिकारी, पुलिस अधिकारी और QRT बल तैनात

Ranchi: राजधानी रांची में आज मनाए जाने वाले जश्न-ए-ईद मिलादुन्नबी के मौके पर सुरक्षा और विधि-व्यवस्था बनाए रखने के लिए जिला प्रशासन...

eid-e-milad-un-nabi
Tight security arrangements are in place in Ranchi for the Eid-e-Milad-un-Nabi celebrations

Ranchi: राजधानी रांची में आज मनाए जाने वाले जश्न-ए-ईद मिलादुन्नबी के मौके पर सुरक्षा और विधि-व्यवस्था बनाए रखने के लिए जिला प्रशासन ने व्यापक तैयारियां की हैं. उपायुक्त-सह-जिला दंडाधिकारी और SSP की ओर से इस संबंध में विस्तृत संयुक्त आदेश जारी किया गया है. इसके तहत ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों से निकलने वाले जुलूसों की सुरक्षा के लिए बड़ी संख्या में दंडाधिकारी, पुलिस अधिकारी और QRT बलों की तैनाती की गई है. आधिकारिक जानकारी के अनुसार, बुधवार को शहरी क्षेत्रों से निकलने वाले जुलूस डोरंडा स्थित रिसालदार बाबा के मजार तक जाएंगे. जुलूस के दौरान भारी भीड़ जुटने की संभावना को देखते हुए सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं.

संवेदनशील इलाकों और प्रमुख चौक-चौराहों पर पुलिस बल तैनाती

मुख्य जुलूस के आगे और पीछे दंडाधिकारियों के साथ पुलिस बल तैनात रहेगा. कांटाटोली, थड़पखना, कांके रोड, हरमू रोड और अरगोड़ा-कडरू की ओर से आने वाले जुलूसों के साथ भी विशेष दंडाधिकारी और पुलिस बल सुरक्षा व्यवस्था संभालेंगे. सर्जना चौक, फिरायालाल चौक, अल्बर्ट एक्का चौक, बहू बाजार, राजेंद्र चौक और कर्बला चौक समेत प्रमुख स्थानों पर भी दंडाधिकारियों और पुलिस बलों की तैनाती की गई है.

11 जोन में बांटा गया रांची जिला

सुरक्षा व्यवस्था को सुचारु रखने के लिए पूरे रांची जिले को 11 जोन में बांटा गया है. प्रत्येक जोन की जिम्मेदारी सहायक पुलिस अधीक्षक और पुलिस उपाधीक्षक स्तर के अधिकारियों को दी गई है. प्रत्येक जोनल अधिकारी के साथ 10-10 जवानों की क्विक रिस्पांस टीम (QRT) तैनात रहेगी. QRT जवान हेलमेट, बॉडी प्रोटेक्टर, कैनसिल्ड, प्लास्टिक बुलेट और आंसू गैस जैसे सुरक्षा उपकरणों से लैस रहेंगे. उपद्रवियों पर नजर रखने के लिए वीडियोग्राफी और ड्रोन कैमरों की भी मदद ली जाएगी. इसके अलावा 8-8 मोटरसाइकिलों के दो विशेष दस्ते लगातार गश्त करेंगे.

पानी, फायर ब्रिगेड और मेडिकल टीम की व्यवस्था

त्योहार के दौरान आम लोगों और जुलूस में शामिल लोगों की सुविधा के लिए रांची नगर निगम को कर्बला चौक, एकरा मस्जिद, राजेंद्र चौक और रिसालदार बाबा मजार के पास पानी के टैंकर उपलब्ध कराने का निर्देश दिया गया है. संवेदनशील स्थानों और जिला नियंत्रण कक्ष में फायर ब्रिगेड की यूनिट तैनात रहेगी. सिविल सर्जन को रिसालदार बाबा मजार, मुख्य जुलूस के साथ और नियंत्रण कक्ष में डॉक्टरों की टीम, जीवन रक्षक दवाओं और एंबुलेंस के साथ मुस्तैद रहने का निर्देश दिया गया है. यातायात व्यवस्था और पार्किंग को लेकर ट्रैफिक एसपी के नेतृत्व में विशेष प्लान तैयार किया गया है.

फायर ब्रिगेड

पर्व की समाप्ति तक जारी रहेगी प्रतिनियुक्ति

प्रशासन के अनुसार, सभी दंडाधिकारियों और पुलिस बलों की ड्यूटी बुधवार सुबह 7 बजे से शुरू होकर त्योहार के शांतिपूर्ण संपन्न होने तक जारी रहेगी. शहरी क्षेत्र की सुरक्षा व्यवस्था की जिम्मेदारी सिटी एसपी और ग्रामीण क्षेत्रों की जिम्मेदारी ग्रामीण एसपी संभालेंगे. जिला प्रशासन ने सभी अधिकारियों को जुलूस के दौरान सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के साथ आम नागरिकों के आवागमन में किसी भी प्रकार की असुविधा नहीं होने देने के निर्देश दिए हैं.

ALSO READ: मानसून का असर: रांची एयरपोर्ट पर घटने लगी यात्रियों की संख्या, 24 अगस्त को सबसे कम आवागमन

सम्बंधित ख़बरें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *