गिरिडीह: जिले के पचंबा मुख्य मार्ग स्थित भंडारीडीह के पास गुरुवार को एक बड़ा हादसा टल गया, जब चार लेन सड़क निर्माण के लिए खोदे गए गड्ढे में बीयर लदा ट्रक अनियंत्रित होकर पलट गया. घटना के बाद कुछ देर के लिए इलाके में अफरा-तफरी मच गई.

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, ट्रक तेज रफ्तार में था और निर्माणाधीन सड़क पर जगह-जगह गड्ढे व असमान सतह होने के कारण चालक संतुलन नहीं बना पाया. इसी दौरान वाहन अनियंत्रित होकर सड़क किनारे बने गहरे गड्ढे में जा गिरा और पलट गया.हादसे के बाद ट्रक में लदी बीयर की सैकड़ों पेटियां सड़क पर बिखर गईं. कई पेटियां टूट गईं और बोतलें फूटकर चारों तरफ फैल गईं. मौके पर स्थानीय लोगों की भीड़ जुट गई.
ट्रक में मौजूद चालक और खलासी की जान बाल-बाल बच गई. दोनों को मामूली चोटें आईं. स्थानीय लोगों ने तुरंत उन्हें बाहर निकालकर सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया.सूचना मिलने पर पचंबा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और हालात का जायजा लिया.
पुलिस ने सड़क से बिखरा सामान हटवाया और ट्रक को सीधा कराने की प्रक्रिया शुरू करवाई, जिससे कुछ समय बाद यातायात सामान्य हो सका.स्थानीय लोगों ने निर्माण स्थल पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं से बचा जा सके.
