Jamtara : पूर्व रेलवे के आसनसोल मंडल ने यात्री सुविधाओं का विस्तार करते हुए विद्यासागर रेलवे स्टेशन के उत्तर और दक्षिण दोनों ओर टिकटिंग सुविधा उपलब्ध करा दी है. इसके तहत प्लेटफॉर्म संख्या-1 के समीप उत्तर दिशा में ऑटोमेटिक टिकट वेंडिंग मशीन ATVM लगायी गई है. इससे स्टेशन के उत्तर दिशा से आने वाले यात्रियों को अब टिकट लेने के लिए फुट ओवर ब्रिज पार कर दक्षिण स्थित टिकट काउंटर तक नहीं जाना पड़ेगा. नई व्यवस्था के तहत यात्री उत्तर दिशा में ही एटीवीएम ATVM के माध्यम से आसानी से अनारक्षित यात्रा टिकट प्राप्त कर सकेंगे. इससे समय की बचत होगी, टिकट लेने की प्रक्रिया तेज होगी और स्टेशन पर आवागमन अधिक सुविधाजनक बनेगा. एटीवीएम ATVM में डिजिटल भुगतान की सुविधा भी उपलब्ध है. जिससे नकदी के बिना भी टिकट खरीदा जा सकता है.
छात्र, श्रमिक, व्यापारी बड़ी संख्या में करते है यात्रा
विद्यासागर रेलवे स्टेशन जामताड़ा जिले और आसपास के ग्रामीण एवं अर्ध-शहरी क्षेत्रों के लोगों के लिए महत्वपूर्ण रेलवे स्टेशन रहा है. यहां से बड़ी संख्या में छात्र, श्रमिक, किसान, व्यापारी और नौकरीपेशा लोग प्रतिदिन यात्रा करते हैं. स्टेशन के दोनों ओर टिकटिंग सुविधा उपलब्ध होने से इन सभी यात्रियों को सीधा लाभ मिलेगा.

अन्य स्टेशनों पर भी होगा सुविधाओं का विस्तार
पूर्व रेलवे के अनुसार यह पहला डिजिटल टिकटिंग को बढ़ावा देने और यात्रियों को तेज, सरल एवं आधुनिक सेवाएं उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है. साथ ही बुकिंग काउंटरों पर भीड़ और लंबी कतारों में कमी आएगी. आसनसोल मंडल अपने क्षेत्र के अन्य स्टेशनों पर भी डिजिटल टिकटिंग सुविधाओं का विस्तार कर यात्री सेवाओं को और बेहतर बनाने की दिशा में लगातार कार्य कर रहा है.
ALSO READ : झारखंड पुलिस मेंस एसोसिएशन ने DGP को लिखा पत्र- आरक्षियों की वरीयता सूची जारी करने का किया अनुरोध


