Chaibasa : नगर परिषद चक्रधरपुर के वार्ड नंबर 1 पुरानाबस्ती में बन रहे पुल के निर्माण कार्य में गंभीर अनियमितता का मामला सामने आया है. स्थानीय वार्ड पार्षद स्वपन कुमार मिस्त्री ने इस संबंध में ग्रामीण विकास विशेष प्रमंडल, चाईबासा के कार्यपालक अभियंता को एक आधिकारिक पत्र लिखकर निर्माण कार्य की गुणवत्ता पर बड़े सवाल उठाए हैं.
बालू की जगह हो रहा स्टोन डस्ट का इस्तेमाल
वार्ड पार्षद की ओर से भेजे गए पत्र के अनुसार, पुरानाबस्ती बलिया घाट में नवनिर्मित पुल की रिटर्निंग वॉल का ढलाई संवेदक द्वारा कराया जा रहा है. आरोप है कि इस ढलाई कार्य में बालू की जगह 100 प्रतिशत स्टोन डस्ट का इस्तेमाल किया जा रहा है. स्टोन डस्ट के इस अत्यधिक उपयोग के कारण पुल की मजबूती और संरचना काफी कमजोर हो रही है. जिससे भविष्य में किसी बड़े हादसे की आशंका बनी हुई है.

स्वतंत्र एजेंसी से जांच कराने की मांग
मामले की गंभीरता को देखते हुए वार्ड पार्षद स्वप्न कुमार मिस्त्री ने विभाग से मांग की है कि अब तक किए गए सभी कार्यों की गुणवत्ता की जांच किसी स्वतंत्र एजेंसी से कराई जाए. उन्होंने स्पष्ट किया है कि जांच रिपोर्ट आने के बाद ही आगे का निर्माण कार्य शुरू किया जाना चाहिए.
तोड़कर फिर से ढलाई करने का आग्रह
पत्र के माध्यम से उन्होंने उच्च अधिकारियों से आग्रह किया है कि इस मामले की शीघ्रता से जांच की जाए. साथ ही, स्टोन डस्ट से की गई घटिया स्तर की ढलाई को तोड़कर वहां दोबारा सही मानकों के साथ ढलाई सुनिश्चित कराई जाए ताकि जनता के पैसे और सुरक्षा के साथ कोई खिलवाड़ न हो.
ALSO READ : केंद्र सरकार की चिंताओं के बीच व्हाट्सऐप ने रखा अपना पक्ष, कहा – यूजरनेम फीचर के लिये तैयार है सुरक्षा उपाय


