Jharkhand: जब आमने-सामने आए जिले के दो बॉस प्रशासनिक गलियारों में मचा हड़कंप

SAURAV SINGH रांची: झारखंड के प्रशासनिक इतिहास में भारतीय प्रशासनिक सेवा (IAS) और भारतीय पुलिस सेवा (IPS) के बीच खींचतान की घटनाएं...

file picture
file picture

SAURAV SINGH

रांची: झारखंड के प्रशासनिक इतिहास में भारतीय प्रशासनिक सेवा (IAS) और भारतीय पुलिस सेवा (IPS) के बीच खींचतान की घटनाएं कोई नई बात नहीं हैं. अक्सर प्रोटोकॉल, कार्यशैली और अधिकारों के अतिक्रमण को लेकर ये विवाद सुर्खियां बनते रहे हैं.ताजा और पुराने मामलों पर नजर डालें तो कहीं डीसी-एसपी, तो कहीं डीआईजी और डीसी व एसपी और डीएसपी के बीच खींचतान देखने को मिली है. इन विवादों ने न केवल महकमे की छवि पर सवाल उठाए, बल्कि सरकार के लिए भी असहज स्थिति पैदा की है.

जामताड़ा: स्वतंत्रता दिवस की रिहर्सल और ‘तीखी बहस:

यह मामला 14 अगस्त, 2020 का जब जामताड़ा में स्वतंत्रता दिवस समारोह की तैयारियों के दौरान डीसी फैज अक मुमताज और एसपी अंशुमन कुमार के बीच विवाद ने तूल पकड़ लिया था. गांधी मैदान में फुल ड्रेस रिहर्सल के दौरान डीसी निर्धारित समय से पहले पहुंच गए. एसपी को वहां मौजूद न पाकर डीसी ने सीधे रांची में आला अधिकारियों से शिकायत कर दी.जब एसपी मैदान में पहुंचे, तो उन्हें डीआईजी के माध्यम से शिकायत की जानकारी मिली.इसके बाद मैदान के बीचों-बीच ही दोनों अफसरों में तीखी बहस हो गई. एसपी ने इस दुर्व्यवहार की लिखित जानकारी डीजीपी और मुख्यालय को दी थी.

Read Also: इंटीरियर वाले ने मार लिया साहब के साले का पैसा

दुमका: राज्यपाल के कार्यक्रम में प्रोटोकॉल पर रार:

यह मामला 15 अगस्त, 2023 का जब झारखंड की उपराजधानी दुमका में राज्यपाल के ध्वजारोहण कार्यक्रम के दौरान डीसी ए. डोड्डे और डीआईजी सुदर्शन मंडल के बीच अधिकारों को लेकर खींचतान हुई. यह मामला तब सामने आया जब पूर्वाभ्यास के दौरान डीआईजी मंच की व्यवस्था और परेड निरीक्षण के संबंध में अधिकारियों को निर्देश दे रहे थे. डीसी को लगा कि यह उनके अधिकार क्षेत्र का अतिक्रमण है. डीसी ए. डोड्डे ने सीधे मंत्रिमंडल सचिवालय को पत्र लिखकर मार्गदर्शन मांग लिया कि परेड का निरीक्षण कौन करेगा डीआईजी या डीसी? इस पत्र ने विभाग में असमंजस की स्थिति पैदा कर दी और गृह सचिव तक मामला पहुंचा था.

Read Also: दुमका में मेले से लौट रही आदिवासी किशोरी से दुष्कर्म, परिचित पर आरोप

गुमला: एसपी और डीएसपी के बीच ‘ऑर्डर’ को लेकर टकराव:

यह मामला मार्च, 2023 जिले के सर्वोच्च पुलिस अधिकारी एसपी और उनके अधीनस्थ हेडक्वार्टर डीएसपी के बीच का विवाद उस समय काफी चर्चा में रहा था.सूत्रों के अनुसार, ड्यूटी के आदेश को लेकर फोन पर दोनों के बीच बहस हुई. डीएसपी ने अपने क्षेत्र से बाहर ड्यूटी के लिए एसपी से लिखित आदेश की मांग कर दी, जिससे बात बिगड़ गई. हालांकि, बाद में दोनों अधिकारियों ने एक साथ प्रेस कॉन्फ्रेंस कर विवाद से इनकार किया और इसे महज अफवाह बताया, लेकिन पुलिस महकमे और शहर में यह चर्चा का विषय बना रहा कि क्या अनुशासन की दीवारें दरक रही हैं.

सम्बंधित ख़बरें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *