रांची: राजधानी रांची में 2 साल पहले हुए एक हत्याकांड में बड़ा खुलासा हुआ है. दिसंबर 2023 में गोंदा थाना क्षेत्र के टिकली टोला में टीपू मुंडा की हुई संदिग्ध मौत के मामले में एक चौंकाने वाला मोड़ आया है. जिसे अब तक अप्राकृतिक मौत’ (यूडी केस) मानकर फाइलें दबाई गई थीं, वह अब एक सोची-समझी हत्या का मामला निकला है.पोस्टमार्टम और फॉरेंसिक रिपोर्ट के वैज्ञानिक साक्ष्यों ने यह स्पष्ट कर दिया है कि टीपू मुंडा की मौत प्राकृतिक नहीं थी, बल्कि उनका दम घोंटकर उन्हें मौत के घाट उतारा गया था.
जमीन विवाद और अपहरण की कहानी:
घटना की शुरुआत 11 दिसंबर 2023 को हुई थी। मृतक की पत्नी पूनम देवी के अनुसार, उस दिन दोपहर करीब एक बजे तीन अज्ञात व्यक्ति उनके घर आए थे। वे टीपू मुंडा (47 वर्ष) से जमीन के सिलसिले में बात कर रहे थे और कुछ देर बाद उन्हें अपने साथ बाहर ले गए. करीब डेढ़ घंटे बाद मोहल्ले के बच्चों ने जानकारी दी कि टीपू मुंडा इमली के पेड़ के नीचे घायल अवस्था में पड़े हैं और वही तीन लोग उन्हें गाड़ी में डालकर कहीं ले जा रहे हैं। बाद में पता चला कि उन्हें रिम्स में भर्ती कराया गया, जहां दोपहर 3:27 बजे डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया.
पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मिले थे कत्ल के निशान:
शुरुआत में पुलिस ने इसे यूडी कांड संख्या 01/2024 के तहत दर्ज किया था. हालांकि, रिम्स की पोस्टमार्टम रिपोर्ट (संख्या 3391/23) ने पहले ही कई गंभीर संकेत दे दिए थे. जिनमें सिर पर गहरे जख्म और शरीर के विभिन्न हिस्सों पर खरोंच के निशान, होंठों के अंदर जख्म, चेहरे और सीने पर अत्यधिक कंजेशन, आंखों में खून के थक्के (सबकंजंक्टिवल हेमरेज) और नाखूनों का नीला पड़ना शामिल था.
फॉरेंसिक रिपोर्ट ने लगाया हत्या पर मुहर:
हाल ही में 26 दिसंबर 2025 को जारी अंतिम फॉरेंसिक रिपोर्ट ने संदेह को यकीन में बदल दिया. हिस्टोपैथोलॉजी और विसरा जांच के बाद फॉरेंसिक विशेषज्ञों ने स्पष्ट निष्कर्ष दिया कि, टीपू मुंडा की मौत मुँह और नाक पर अत्यधिक दबाव डालने से हुई एस्फेक्सिया यानी दम घुटने के कारण हुई है.
अब हत्या की धारा में दर्ज हुआ केस:
इस वैज्ञानिक खुलासे के बाद पुलिस ने दो साल पुराने यूडी केस को अब हत्या की प्राथमिकी में तब्दील कर दिया है. पुलिस सूत्रों के अनुसार, इस हत्याकांड के पीछे जमीन विवाद मुख्य वजह बनकर उभर रहा है. उन तीन अज्ञात लोगों की पहचान और उनकी गिरफ्तारी के लिए गोंदा थाना पुलिस ने विशेष जांच शुरू कर दी है.
