पाकुड़: आदिम जनजातियों के एनटाइटलमेंट सर्वेक्षण के प्रचार-प्रसार को लेकर जिले में जागरूकता अभियान की शुरुआत की गई. समाहरणालय परिसर से परियोजना निदेशक आईटीडीए अरुण कुमार एक्का, अपर समाहर्ता जेम्स सुरीन एवं जिला आपूर्ति पदाधिकारी कुमार अभिषेक सिंह ने संयुक्त रूप से जागरूकता रथ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया.
जागरूकता रथ के जरिए दी जाएगी जानकारी
परियोजना निदेशक आईटीडीए अरुण कुमार एक्का ने बताया कि जागरूकता रथ के माध्यम से सर्वेक्षण से संबंधित जानकारी का व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाएगा, ताकि अधिक से अधिक लाभुकों तक योजना की जानकारी पहुंचाई जा सके.
349 गांवों में चलेगा विशेष सर्वेक्षण अभियान
पाकुड़ जिले में आदिम जनजातियों के एनटाइटलमेंट सर्वेक्षण के लिए विशेष अभियान चलाया जाएगा. इसके अंतर्गत जिले के 349 गांवों के 447 टोलों में रहने वाले कुल 16,778 परिवारों के 73,173 आदिम जनजाति व्यक्तियों का सर्वेक्षण किया जाएगा. यह सर्वेक्षण 30 अप्रैल 2026 तक मोबाइल एप के माध्यम से एक माह के भीतर पूरा किया जाएगा.
पीवीटीजी परिवारों से सहयोग की अपील
परियोजना निदेशक अरुण कुमार एक्का ने पीवीटीजी परिवारों से अपील की है कि वे निर्धारित समय सीमा में अपना सर्वेक्षण अवश्य कराएं और सर्वेक्षण टीम को पूर्ण सहयोग दें.
Also Read: हर महीने थोड़ा निवेश… रिटायरमेंट तक बन जाएंगे 2 करोड़!
