जामताड़ा: जामताड़ा रेलवे स्टेशन के पास शनिवार को जयनगर से पुरी जा रही ट्रेन संख्या 18420 जयनगर-पुरी एक्सप्रेस के एक जनरल कोच से अचानक धुआं निकलने लगा, जिससे यात्रियों के बीच अफरातफरी मच गई. यह घटना स्टेशन से करीब एक किलोमीटर दूर सहाना गांव के पास हुई.
धुआं निकलता देख बोगी में बैठे यात्री घबरा गए और ट्रेन रुकते ही अपनी सुरक्षा के लिए नीचे उतर गए. कुछ देर के लिए मौके पर अफरातफरी का माहौल बना रहा. घटना की सूचना मिलते ही रेलवे प्रशासन तुरंत सक्रिय हो गया.
ब्रेक बाइंडिंग बनी वजह, टला बड़ा हादसा
स्टेशन मास्टर के अनुसार तकनीकी खराबी के कारण ब्रेक बाइंडिंग हुई थी, जिससे पहियों में घर्षण बढ़ गया और धुआं उठने लगा. हालांकि इस घटना में किसी भी यात्री के हताहत होने की सूचना नहीं है.
ALSO READ: गुजरात में झारखंड की बेटियों का जलवा, 6 पदक जीतकर बढ़ाया राज्य का गौरव
जांच के बाद ट्रेन को किया गया रवाना
रेलवे की तकनीकी टीम और जांच दल मौके पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रित किया और प्रभावित कोच की जांच की. सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए ट्रेन को कुछ देर रोका गया. जांच पूरी होने के बाद स्थिति सामान्य पाई गई और ट्रेन को आगे के लिए रवाना कर दिया गया. सभी यात्री सुरक्षित हैं और उनकी यात्रा सामान्य रूप से जारी है.
