Chatra: जिले के हंटरगंज थाना क्षेत्र में पुलिस ने एंटी क्राइम चेकिंग के दौरान बड़ी कार्रवाई करते हुए चोरी की अपाची बाइक के साथ एक अभियुक्त को गिरफ्तार किया है, जबकि उसका एक साथी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया.
पुलिस को देख भागे दोनों युवक
फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार छापेमारी अभियान चला रही है. जानकारी के अनुसार, एसपी सुमित कुमार अग्रवाल के निर्देश पर हंटरगंज थाना क्षेत्र के कौलेश्वरी हटवारिया के पास एंटी क्राइम चेकिंग अभियान चलाया जा रहा था. इसी दौरान अपाची बाइक पर सवार दो संदिग्ध युवकों को रोकने का प्रयास किया गया.
पीछा करने पर एक आरोपी गिरफ्तार
पुलिस को देखते ही दोनों युवक बाइक छोड़कर भागने लगे. पुलिस टीम ने तुरंत पीछा किया, लेकिन अंधेरे का फायदा उठाकर एक आरोपी मौके से फरार हो गया. वहीं दूसरे युवक को भागने के दौरान पैर में शीशा लग गया, जिससे वह घायल हो गया और पुलिस ने उसे पकड़ लिया.
Also Read: अब हर जरूरतमंद छात्र को मौका: रिम्स में फ्री NEET कोचिंग, किसी भी स्कूल के छात्र कर सकेंगे आवेदन
गिरफ्तार आरोपी की पहचान
गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान विष्णु गंझु (पिता- मोहन गंझु), निवासी कोलवा गांव, जोरी वशिष्ठ नगर थाना क्षेत्र के रूप में की गई है. पुलिस पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि बरामद बाइक चोरी की है और उस पर फर्जी नंबर प्लेट लगाकर चलाया जा रहा था, ताकि पुलिस की नजर से बचा जा सके.
मामला दर्ज, आरोपी जेल भेजा गया
पुलिस ने बाइक को जब्त कर लिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है. इस संबंध में हंटरगंज थाना कांड संख्या 41/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 317(2)/317(5)/3(5) के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है. गिरफ्तार आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है.
छापेमारी में कई पुलिसकर्मी शामिल
इस छापेमारी अभियान में थाना प्रभारी प्रभात कुमार, सहायक अवर निरीक्षक अजय महतो सहित सशस्त्र बल के जवान शामिल थे. पुलिस का कहना है कि फरार आरोपी की पहचान कर ली गई है और जल्द ही उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा.
