Ranchi: भारतीय जनता पार्टी के स्थापना दिवस के अवसर पर झारखंड भाजपा में उत्साह का माहौल दिखा. राजधानी के प्रदेश कार्यालय में आयोजित मिलन समारोह के दौरान रातू प्रखंड के चटकपुर पंचायत के मुखिया व सामाजिक कार्यकर्ता विक्की लोहरा ने अपने सैकड़ों समर्थकों के साथ भाजपा का दामन थाम लिया. प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू और नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने उन्हें पार्टी का पट्टा पहनाकर विधिवत सदस्यता दिलाई और संगठन में उनका स्वागत किया.
ये भी पढ़ें : गुमला: सामूहिक दुष्कर्म के तीन आरोपी 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार
भाजपा भरोसे का दूसरा नाम है : आदित्य साहू
सदस्यता ग्रहण कार्यक्रम को संबोधित करते हुए प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू ने कहा कि भाजपा की विश्वसनीयता ही उसकी सबसे बड़ी ताकत है. उन्होंने कहा भारतीय जनता पार्टी जो कहती है, उसे धरातल पर उतारती है. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश की राजनीति के प्रति जनता का भरोसा बढ़ा है.यही कारण है कि हर वर्ग के लोग भाजपा परिवार से जुड़ रहे हैं.
ये भी पढ़ें : भाजपा स्थापना दिवस : पीएम मोदी ने पार्टी कार्यकर्ताओं के बलिदान को किया नमन, कहा- ‘तमाम कठिनाइयां झेलकर की देशसेवा’
विकास की गारंटी केवल भाजपा: बाबूलाल मरांडी
नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने नए सदस्यों का स्वागत करते हुए कहा कि राज्य के सर्वांगीण विकास के लिए भाजपा का मजबूत होना अनिवार्य है. उन्होंने विश्वास जताया कि स्थापना दिवस पर युवाओं का जुड़ाव पार्टी को नई ऊर्जा देगा. जनता का यह बढ़ता समर्थन 2029 में झारखंड में भाजपा की प्रचंड जीत सुनिश्चित करेगा. भाजपा ही एकमात्र दल है जो विकास की रोशनी को हर गांव घर तक पहुंचाना के लिए समर्पित है.
स्थापना दिवस पर शामिल होना गौरव की बात: विक्की लोहरा
वहीं मुखिया विक्की लोहरा ने भाजपा की सदस्यता लेने के बाद अपनी खुशी जाहिर करते हुए कहा कि संगठन की विचारधारा और राष्ट्रसेवा के प्रति समर्पण ने उन्हें प्रभावित किया है. स्थापना दिवस जैसे ऐतिहासिक मौके पर पार्टी का हिस्सा बनना उनके जीवन का प्रेरणादायक क्षण है.
