रांची: मरांग गोमके जयपाल सिंह मुंडा अंतरराष्ट्रीय हॉकी स्टेडियम, मोराबादी में आयोजित 16वीं हॉकी इंडिया राष्ट्रीय सब जूनियर महिला हॉकी चैंपियनशिप 2026 के छठे दिन कुल 7 मुकाबले खेले गए. इसमें A डिवीजन के 4 और B डिवीजन के 3 मैच शामिल रहे. दिन के मुकाबलों में झारखंड, ओडिशा, हरियाणा, मिजोरम, कर्नाटक, चंडीगढ़ और दादरा एवं नगर हवेली-दमन एवं दीव की टीमों ने जीत दर्ज की.
झारखंड का टूर्नामेंट में विजयी आगाज
दिन का सबसे चर्चित मुकाबला मेजबान झारखंड और महाराष्ट्र के बीच खेला गया, जिसमें झारखंड ने एकतरफा प्रदर्शन करते हुए 6-0 से शानदार जीत हासिल की. झारखंड की ओर से संदीपा कुमारी, सानिया तिर्की, सुष्मिता गुड़िया, पुष्पा मांझी, श्रुति कुमारी और प्रीति बिलुंग ने एक-एक गोल दागे. इस जीत के साथ झारखंड ने टूर्नामेंट में विजयी आगाज किया. अब झारखंड का अगला मुकाबला बिहार से होगा.
B डिवीजन के मुकाबले
B डिवीजन में खेले गए तीन मैचों में पहले मुकाबले में दादरा एवं नगर हवेली और दमन एवं दीव ने तमिलनाडु को 1-0 से हराया. टीम की ओर से अनुष्का गुप्ता ने निर्णायक गोल किया. दूसरे मैच में चंडीगढ़ ने हिमाचल प्रदेश को 4-1 से पराजित किया. चंडीगढ़ की अन्नु ने हैट्रिक (3 गोल) लगाई, जबकि राधा रानी ने एक गोल किया. हिमाचल की ओर से खुशविंदर गिल ने एकमात्र गोल दागा. तीसरे मुकाबले में कर्नाटक ने गुजरात को 6-1 से शिकस्त दी. कर्नाटक की केपी सींचना ने दो गोल किए, जबकि एमएम तानिया, कुसुमंजली एसएम, बासम्मा शिवाप्पा हगेन्नॉयर और प्रीति नीलारद्दी ने एक-एक गोल किया. गुजरात की पवातीबेन गमर ने सांत्वना गोल किया.
A डिवीजन में भी रोमांच
A डिवीजन के पहले मैच में मिजोरम ने छत्तीसगढ़ को 2-1 से हराया. मिजोरम की वनलालपेकी ने दोनों गोल किए, जबकि छत्तीसगढ़ की मनप्रीत कौर ने एक गोल किया. दूसरे मैच में हरियाणा ने मणिपुर को 4-2 से हराया. हरियाणा की राधिका, दिया, विशाखा और अंकिता ने एक-एक गोल दागा, जबकि मणिपुर की रीनू तिंगब्रम देवी और मोइरांघम प्रिंजला देवी ने गोल किए. तीसरे मैच में ओडिशा ने आंध्र प्रदेश को 4-0 से हराया. अर्चना कुजूर ने दो गोल किए, जबकि स्वीटी कुजूर और प्रिंसेस प्रिया एक्का ने एक-एक गोल किया.
टूर्नामेंट के छठे दिन हुए मुकाबलों में खिलाड़ियों का शानदार प्रदर्शन देखने को मिला. दर्शकों को तेज-तर्रार और रोमांचक हॉकी का भरपूर आनंद मिला. प्रतियोगिता 12 अप्रैल तक जारी रहेगी, जिसमें देशभर की टीमें खिताब के लिए जोर आजमाइश कर रही हैं.
यह भी पढ़ें: खेल : सब-जूनियर हॉकी चैंपियनशिप में झारखंड का दमदार प्रदर्शन, तमिलनाडु को 8-1 से रौंदा
