News Desk: मंगलवार को पंजाब, दिल्ली, जम्मू-कश्मीर और अन्य राज्यों में अचानक हुई तेज़ बारिश, ओलावृष्टि और वज्रपात ने जनजीवन अस्त-व्यस्त कर दिया. पंजाब के कई जिलों में गेहूं की फसलें नुकसान झेलती नजर आईं, तो ओडिशा के मयूरभंज जिले के पलासबदा गांव में खेलते समय छह वर्षीय बच्चे की वज्रपात से दर्दनाक मौत हो गई.
राजधानी में भी मंगलवार को अचानक मौसम ने रुख बदला और तेज़ हवाओं के साथ बारिश शुरू हो गई. पूरे दिन काले बादल छाए रहे, जिससे आम लोगों और यातायात दोनों पर असर पड़ा. मौसम विशेषज्ञों के अनुसार, यह बदलाव पश्चिमी विक्षोभ और हवा के बदलते पैटर्न की वजह से आया. इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर इसका सीधा असर पड़ा, जहां कई उड़ानों का संचालन बाधित रहा.
दिल्ली में मौसम की तबाही: 300 उड़ानों में देरी, 22 विमान डायवर्ट
दिल्ली में तेज़ आंधी और बारिश के चलते शाम तक लगभग 300 उड़ानों को विलंबित होना पड़ा. खराब दृश्यता के कारण 22 विमानों को इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर उतरने की अनुमति नहीं मिली और उन्हें जयपुर, लखनऊ, अमृतसर और अहमदाबाद की ओर डायवर्ट किया गया.
पंजाब में मौसम का कहर जारी: गेहूं और सरसों की फसल को नुकसान
पंजाब में मौसम विभाग ने बुधवार को भी भारी बारिश और ओलावृष्टि को लेकर अलर्ट जारी किया है. विशेषज्ञों का कहना है कि अगर मौसम में सुधार नहीं हुआ, तो गेहूं के दानों के काले पड़ने का खतरा बढ़ सकता है.
ALSO READ: चलती ट्रेन से गिरा युवक, मौके पर मौत, परिवार में कोहराम
बारिश से सरसों की फसल और बागवानी क्षेत्र भी प्रभावित हुए हैं. राज्य के कृषि मंत्री गुरमीत खुड्डियां ने बताया कि लगातार तीन दिन से हो रही बारिश के कारण पंजाब में लगभग सवा लाख एकड़ गेहूं की फसल को नुकसान हुआ है.
ओडिशा और जम्मू-कश्मीर में मौसम का कहर: फसल और बागबानी को भारी नुकसान
ओडिशा में कई जिलों में लगातार हुई बारिश से फसलों और बागवानी को गंभीर नुकसान हुआ है. मयूरभंज,बलांगीर, रायगढ़ा,भुवनेश्वर, और जाजपुर में कई कच्चे मकानों की छतें उड़ गईं और बारिश का पानी घरों में घुसने से स्थानीय लोगों को दिक्कतों का सामना करना पड़ा. गिरते पेड़ और बाधित यातायात के कारण भी जनजीवन प्रभावित रहा, वहीं कई गांवों में बिजली आपूर्ति ठप रही.
जम्मू-कश्मीर के बांडीपोरा जिले में सोमवार देर रात हुई ओलावृष्टि से बागों को भारी नुकसान पहुंचा. पेड़ों की पत्तियां फट गईं और फूल झड़ गए, जिससे स्थानीय बागवानों की चिंता बढ़ गई है. बागवानी विभाग के अनुसार प्रभावित ब्लॉकों में नुकसान का स्तर गंभीर है.
झारखंड के कई जिलों में ऑरेंज अलर्ट, भारी बारिश और तूफान की संभावना
झारखंड के कई जिलों में अगले 48 घंटों के दौरान तेज बारिश, गरज-चमक और तेज हवाओं के साथ-साथ कुछ जगहों पर ओलावृष्टि की संभावना जताई गई है.
ALSO READ: एयर इंडिया ने फ्यूल सरचार्ज में बड़े बदलाव किए, हवाई सफर हुआ महंगा
मौसम विज्ञान विभाग ने कई जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है. मौसम विशेषज्ञ अभिषेक आनंद के मुताबिक, पश्चिमी विक्षोभ और स्थानीय चक्रवाती परिसंचरण के कारण यह बदलाव आया है. लोगों से सुरक्षित रहने और आवश्यक सावधानियां बरतने की अपील की गई है.
