रांची: कर्नाटक की राजधानी बेंगलुरु के येलाहांका न्यू टाउन इलाके में एक 21 वर्षीय इंजीनियरिंग छात्र की मौत ने गहरे सवाल खड़े कर दिए हैं. मणिपाल एकेडमी ऑफ हायर एजुकेशन में आईटी द्वितीय वर्ष के छात्र लक्ष्य मिश्रा का शव उनके हॉस्टल के पास संदिग्ध परिस्थितियों में बरामद किया गया. लक्ष्य मिश्रा रांची के रहने वाले थे. पुलिस इसे प्रथम दृष्टया आत्महत्या का मामला मान रही है, वहीं छात्र के परिजनों ने इसे सोची-समझी हत्या करार दिया है. जानकारी के अनुसार, लक्ष्य गोविंदपुरा स्थित कॉलेज हॉस्टल में रहकर अपनी पढ़ाई कर रहे थे. घटना के दिन उनका शव हॉस्टल परिसर में पाया गया. बताया जा रहा है कि वह बिल्डिंग की नौवीं मंजिल से नीचे गिरे थे. सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंचकर और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया.
परिजनों के गंभीर आरोप और उठते सवाल:
लक्ष्य के पिता अंजनी कुमार अपने बेटे की मौत की खबर सुनकर स्तब्ध हैं। उन्होंने इस घटना को आत्महत्या मानने से साफ इनकार कर दिया है. परिजनों ने मामले में कई विसंगतियों की ओर इशारा किया है, पिता का तर्क है कि जिस खिड़की से गिरने की बात कही जा रही है, वह इतनी छोटी है कि वहां से किसी का कूदना लगभग असंभव है. परिजनों के अनुसार, नौवीं मंजिल से गिरने के बावजूद घटनास्थल पर खून के निशान बहुत कम थे. परिवार ने कॉलेज प्रशासन और स्थानीय पुलिस पर मिलीभगत का आरोप लगाया हैं,उनका कहना है कि उन्हें घटना की जानकारी काफी देरी से दी गई और मामले को रफा-दफा करने की कोशिश की जा रही है.
ALSO READ: निजी स्कूलों की फीस पर सख्ती, उपायुक्त ने जारी किए सख्त निर्देश
पुलिस और कॉलेज की प्रतिक्रिया:
येलाहांका न्यू टाउन पुलिस का कहना है कि वे मामले की हर पहलू से जांच कर रहे हैं. हालांकि, पुलिस अधिकारियों ने यह भी बताया कि उन्हें घटना की सूचना देरी से मिली थी.अब तक इस मामले में कोई औपचारिक लिखित शिकायत दर्ज नहीं होने की बात भी सामने आई है. पुलिस फिलहाल पोस्टमार्टम रिपोर्ट और सीसीटीवी फुटेज खंगालने की तैयारी में है ताकि मौत के सटीक कारणों का पता चल सके.
