News Wave की ‘रात का बुलडोजर’ खबर का असर: CM हेमंत ने लिया संज्ञान, जांच के आदेश

Giridih: जिले के गांडेय क्षेत्र में एक आदिवासी परिवार के “अबुआ आवास” पर रात में बुलडोजर चलाकर उसे तोड़े जाने और रिश्वत...

Giridih: जिले के गांडेय क्षेत्र में एक आदिवासी परिवार के “अबुआ आवास” पर रात में बुलडोजर चलाकर उसे तोड़े जाने और रिश्वत नहीं देने पर कार्रवाई किए जाने के गंभीर आरोप सामने आने के बाद प्रशासनिक महकमे में हड़कंप मच गया है. News Wave में प्रकाशित इस खबर ने पूरे मामले को सुर्खियों में ला दिया, जिसके बाद अब इसका व्यापक असर देखने को मिल रहा है.

रिश्वत के आरोप ने बढ़ाई गंभीरता

पीड़ित परिवार द्वारा लगाए गए 30 हजार रुपये की कथित मांग और पैसे नहीं देने पर कार्रवाई किए जाने के आरोप ने मामले को और संवेदनशील बना दिया है. सवाल यह भी उठ रहे हैं कि अगर यह कार्रवाई नियम के तहत थी, तो फिर सिर्फ एक ही घर पर बुलडोजर क्यों चला. इस पहलू ने प्रशासनिक कार्रवाई की निष्पक्षता पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं.

ALSO READ: हूल क्रांति के नायकों को नमन, सिद्धू-कान्हू की 211वीं जयंती की तैयारी तेज

सीएम का सख्त संदेश, ‘घर तोड़ना बर्दाश्त नहीं’

मामले को गंभीरता से लेते हुए मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने तत्काल संज्ञान लिया है और जिला प्रशासन को जांच कर उचित कार्रवाई करने का निर्देश दिया है. मुख्यमंत्री ने स्पष्ट शब्दों में कहा है कि किसी का घर या आशियाना इस तरह से तोड़ा जाना किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा. उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया है कि मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों पर कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए, ताकि यह आगे के लिए उदाहरण बन सके.

डीसी ने गठित की जांच टीम

सीएम के निर्देश के बाद जिला प्रशासन सक्रिय हो गया है. उपायुक्त गिरिडीह ने मामले को तुरंत संज्ञान में लेते हुए जांच के लिए अधिकारियों की टीम गठित करने का निर्देश दिया है. प्रशासन की ओर से कहा गया है कि जांच पूरी होने के बाद दोषियों पर नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी.

जनदबाव और राजनीतिक हलचल तेज

इस घटना के सामने आने के बाद स्थानीय स्तर पर आक्रोश के साथ-साथ जनदबाव भी बढ़ा है. जनप्रतिनिधियों और ग्रामीणों द्वारा लगातार आवाज उठाए जाने के बाद मामला राज्य स्तर तक पहुंचा, जिसके बाद मुख्यमंत्री को हस्तक्षेप करना पड़ा.

ALSO READ: जमशेदपुर में विश्व होमियोपैथिक दिवस मनाया गया, डॉक्टरों ने साझा किए अनुभव

पीड़ित परिवार को न्याय की उम्मीद

पूरे घटनाक्रम के बाद अब पीड़ित परिवार और स्थानीय लोगों में न्याय की उम्मीद जगी है. लोगों का मानना है कि यदि निष्पक्ष जांच होती है, तो न सिर्फ दोषियों पर कार्रवाई होगी, बल्कि भविष्य में इस तरह की घटनाओं पर भी रोक लगेगी.

यह मामला सिर्फ एक घर टूटने तक सीमित नहीं रह गया है, बल्कि यह पूरे सिस्टम की पारदर्शिता और जवाबदेही पर सवाल खड़े करता है. अब देखना यह होगा कि जांच के बाद सच्चाई सामने आती है या फिर यह मामला भी फाइलों में दबकर रह जाता है.

सम्बंधित ख़बरें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *