Chakradharpur: सिंहभूम लोकसभा क्षेत्र के राष्ट्रीय राजमार्ग अंतर्गत सभी रेलवे क्रॉसिंग पर ओवर ब्रिज का निर्माण कराया जाएगा. ओवर ब्रिज निर्माण को लेकर सभी प्रक्रियाओं का जल्द निष्पादन करने का निर्देश संबंधित विभाग के अधिकारियों को दिया गया. यह निर्देश सांसद जोबा माझी ने शनिवार को चक्रधरपुर रेल मंडल मुख्यालय सभागार में आयोजित त्रिस्तरीय उच्च समीक्षा बैठक के दौरान अधिकारियों को दिया.

बैठक में सांसद के अलावा उपायुक्त मनीष कुमार, डीआरएम तरुण हुरिया, एसडीओ श्रुति राजलक्ष्मी, एडीआरएम अनूप पटेल, जितेंद्र त्रिपाठी, सीनियर डीसीएम आदित्य चौधरी, सीनियर डीईएन कोऑर्डिनेशन आरपी मीणा, चाईबासा सदर एसडीओ संजय कुमार, झींकपानी अंचल अधिकारी, जिला भू-अर्जन पदाधिकारी, एनएच के कार्यपालक अभियंता विकास चंद्र भारती तथा चैंबर ऑफ कॉमर्स के अधिकारी उपस्थित रहे.
सिंहपोखरिया-झींकपानी समेत कई आरओबी परियोजनाओं की हुई समीक्षा
बैठक के दौरान सिंहभूम संसदीय क्षेत्र में विभिन्न रेलवे लेवल क्रॉसिंग पर प्रस्तावित, स्वीकृत और निर्माणाधीन रोड ओवर ब्रिज (आरओबी) की प्रगति पर विस्तृत चर्चा की गई. इसमें मनोहरपुर रेलवे यार्ड, सिंहपोखरिया-झींकपानी खंड, झींकपानी-तालाबुरु खंड, तालाबुरु-केंदपोसी खंड और अन्य महत्वपूर्ण स्थानों पर आरओबी परियोजनाओं पर विशेष जोर दिया गया.
सांसद ने कहा कि लेवल क्रॉसिंग बंद होने के कारण जनता को काफी असुविधा होती है. इसलिए एनएच अंतर्गत सभी रेलवे क्रॉसिंग पर रोड ओवर ब्रिज का निर्माण कराना आवश्यक है. बैठक में भूमि अधिग्रहण, वन मंजूरी, उपयोगिता स्थानांतरण, पहुंच मार्ग निर्माण और आरओबी परियोजनाओं के समय पर निष्पादन को प्रभावित करने वाले अन्य प्रशासनिक मुद्दों की वर्तमान स्थिति की समीक्षा की गई.
ALSO READ: रांची के नगड़ी में बन रहे रिम्स-2 के खिलाफ चंपाई सोरेन ने बड़े आदिवासी आंदोलन का किया ऐलान
सिंहपोखरिया-झींकपानी समेत तीन परियोजनाओं को इसी माह शुरू करने का निर्देश
बैठक में पाया गया कि इन कार्यों में तेजी लाने के लिए रेलवे, जिला प्रशासन, राज्य सरकार के अधिकारियों और एनएचएआई के बीच घनिष्ठ समन्वय आवश्यक है. बैठक में राष्ट्रीय राजमार्ग और अन्य महत्वपूर्ण सड़क नेटवर्क पर स्थित लेवल क्रॉसिंग गेटों से संबंधित मुद्दों पर भी चर्चा हुई. सांसद ने आरओबी के अलावा बेहतर प्रकाश व्यवस्था एवं जल निकासी के साथ अंडरपास निर्माण पर भी जोर दिया. समीक्षा के दौरान सिंहपोखरिया-झींकपानी खंड सहित तीन परियोजनाओं को इसी माह के अंत तक आरंभ करने का निर्देश दिया गया.
हर तीन महीने में होगी समीक्षा बैठक
बैठक के दौरान उपायुक्त मनीष कुमार ने कहा कि जिले के साथ रेलवे विकास कार्यों के क्रियान्वयन में तेजी लाने की आवश्यकता है. पूरे क्षेत्र में कनेक्टिविटी, सुरक्षा और सार्वजनिक सुविधा में सुधार करने की सामूहिक प्रतिबद्धता के लिए प्रत्येक तीन महीने में समीक्षा बैठक आयोजित की जाएगी, ताकि परियोजनाओं को गति दी जा सके.
रेलवे क्रॉसिंग पर एनएचएआई करेगी आरओबी का निर्माण
बैठक में अधिकारियों ने बताया कि एनएचएआई अंतर्गत सभी रेलवे क्रॉसिंग पर नए नियम के तहत रोड ओवर ब्रिज का निर्माण अब रेलवे या राज्य सरकार नहीं, बल्कि एनएचएआई करेगी. परियोजना तैयार करने के बाद केवल रेलवे एनओसी प्रदान करेगी.
