गुमला : झारखंड के गुमला जिले के घाघरा थाना क्षेत्र के बुरहु गांव निवासी 32 वर्षीय अनूप कुमार पांडे की जंगली हाथी के हमले में मौत हो गई. घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है और परिवार सहित पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है. जानकारी के अनुसार अनूप पावर ग्रिड में पीएसएस ऑपरेटर के रूप में कार्यरत थे और शुक्रवार सुबह काम पर जा रहे थे. इसी दौरान बुरहु पतरा के पास भीड़ देखकर वह वहां पहुंचे, जहां पता चला कि एक जंगली हाथी मौजूद है.
Also Read : पाकुड़ में मनरेगा कर्मियों की हड़ताल तेज, 29वें दिन भी जारी आंदोलन
अनूप ने लोगों को सतर्क करने के लिए व्हाट्सएप ग्रुप के माध्यम से सूचना दी कि इलाके में हाथी है और कोई भी बिना सावधानी के वहां न आए. इसके बावजूद वह दो अन्य युवकों के साथ पतरा के अंदर चले गए. इसी दौरान हाथी ने हमला कर दिया. अनूप के साथ गए दोनों युवक किसी तरह जान बचाकर भाग निकले, लेकिन अनूप हाथी की चपेट में आ गए. काफी देर तक बाहर नहीं आने पर लोगों ने खोजबीन की, तो वह खून से लथपथ मृत अवस्था में मिले. सूचना मिलने पर पुलिस और वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया. वन विभाग ने तत्काल 25 हजार रुपये की सहायता देने की घोषणा की है.
Also Read : इडली-डोसा ही नहीं, ‘अवियल’ है साउथ इंडियन थाली का असली स्वाद, भीम से जुड़ा है इसका राज
अनूप कुमार पांडे पूर्व में भारतीय जनता पार्टी युवा मोर्चा के महामंत्री रह चुके थे और हाल ही में उन्हें मंडल महामंत्री के लिए अनुशंसित किया गया था. वह क्षेत्र में काफी सक्रिय और लोकप्रिय कार्यकर्ता माने जाते थे. परिवार में बूढ़े माता-पिता, एक भाई और दो बहनें हैं, जिनका वह एकमात्र सहारा थे. घटना की खबर मिलते ही भाजपा कार्यकर्ताओं और स्थानीय लोगों की भीड़ उमड़ पड़ी. सभी ने इसे न केवल पार्टी बल्कि पूरे इलाके के लिए अपूरणीय क्षति बताया और शोक व्यक्त किया.
