Bokaro: बेरमो अनुमंडल स्थित दामोदर वैली कॉरपोरेशन के चंद्रपुरा थर्मल पावर स्टेशन में शनिवार सुबह उस वक्त माहौल अचानक तनावपूर्ण हो गया, जब इलाज के दौरान एक मजदूर की मौत की खबर प्लांट परिसर में पहुंची. देखते ही देखते गुस्साए मजदूरों ने एकजुट होकर प्लांट के मुख्य गेट को जाम कर दिया और डीवीसी प्रबंधन के खिलाफ जोरदार नारेबाजी शुरू कर दी. हालात ऐसे बन गए कि प्लांट के अंदर और बाहर की आवाजाही पूरी तरह से ठप हो गई.
मृतक की पहचान और घटना का विवरण
मृतक की पहचान परसाडीह गांव निवासी दिलीप टुडू के रूप में हुई है, जो वीवीआर कंस्ट्रक्शन कंपनी के तहत सीएचपी सेक्शन में अकुशल मजदूर के रूप में कार्यरत था. जानकारी के अनुसार, 3.4 अप्रैल की रात ड्यूटी के दौरान कोयला अनलोडिंग का काम करते समय अचानक उसकी तबीयत बिगड़ गई. सहकर्मियों द्वारा तत्काल उसे डीवीसी के चंद्रपुरा अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए कर्मचारी राज्य बीमा योजना के तहत चास स्थित केएम मेमोरियल अस्पताल रेफर किया गया. लेकिन शुक्रवार की रात इलाज के दौरान उसने दम तोड़ दिया.
मजदूरों का आक्रोश और टकराव की स्थिति
शनिवार सुबह जैसे ही मजदूर की मौत की सूचना प्लांट में पहुंची, श्रमिकों का आक्रोश फूट पड़ा. विरोध स्वरूप पहली पाली में काम कर रहे मजदूर भी काम छोड़कर बाहर निकल आए. इस दौरान केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल के जवानों ने कुछ मजदूरों को गेट पर रोकने की कोशिश की, जिससे स्थिति और अधिक तनावपूर्ण हो गई. इसके बाद आक्रोशित मजदूरों ने सामान्य पाली में ड्यूटी पर आ रहे डीवीसी कर्मियों को भी मुख्य गेट पर ही रोक दिया.
Also Read: झारखंड: पुलिस की वर्दी में ठगी का खेल, नीलामी के नाम पर पुलिसकर्मी ने ठगे 39 लाख
मांगें और आंदोलन की चेतावनी
प्रदर्शन कर रहे मजदूरों ने प्लांट के मुख्य प्रवेश द्वार पर पूरी तरह से कब्जा जमा लिया, जिससे सभी प्रकार की आवाजाही बाधित हो गई. मजदूरों की स्पष्ट मांग है कि मृतक के आश्रित को तत्काल नौकरी दी जाए और परिवार को उचित मुआवजा प्रदान किया जाए. श्रमिकों का कहना है कि जब तक उनकी मांगें पूरी नहीं होतीं, आंदोलन जारी रहेगा.
स्थिति अब भी तनावपूर्ण
खबर लिखे जाने तक मृतक दिलीप टुडू का शव बोकारो से चंद्रपुरा लाया जा रहा था. प्रदर्शनकारी मजदूर गेट पर शव रखकर विरोध प्रदर्शन को और तेज करने की तैयारी में हैं. घटना की सूचना डीवीसी प्रबंधन और स्थानीय प्रशासन को दे दी गई है, लेकिन फिलहाल स्थिति तनावपूर्ण बनी हुई है और गतिरोध खत्म होने के कोई संकेत नहीं दिख रहे हैं.
