हजारीबाग: जिले से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां कटकमदाग थाना क्षेत्र के खपरियवां गांव के पास रेलवे ट्रैक पर एक युवक का शव बरामद किया गया. प्रारंभिक सूचना के अनुसार, युवक की मौत रांची से पटना जा रही वंदे भारत एक्सप्रेस की चपेट में आने से हुई, हालांकि, अब इस मामले में नया मोड़ आ गया है क्योंकि मृतक के परिजनों ने इसे सामान्य दुर्घटना मानने से इनकार करते हुए हत्या की आशंका जताई है. शुक्रवार शाम को हुई यह टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि युवक का शव पूरी तरह क्षत-विक्षत हो गया था. घटना के समय मृतक की शिनाख्त नहीं हो पाई थी, लेकिन शनिवार को उसकी पहचान आदित्य कुमार के रूप में हुई। आदित्य शहर के मार्खम कॉलेज के समीप का निवासी था और उसके पिता का नाम सुनील यादव है.
परिजनों का गंभीर आरोप: साक्ष्य छुपाने के लिए ट्रैक पर फेंका शव:
आदित्य के परिजनों का कहना है कि वह हर रोज की तरह शुक्रवार शाम करीब चार बजे घर से टहलने के लिए निकला था. परिजनों ने पुलिस को बताया कि उन्हें संदेह है कि आदित्य की पहले कहीं और हत्या की गई और फिर साक्ष्य मिटाने के उद्देश्य से उसके शव को रेलवे ट्रैक पर फेंक दिया गया, ताकि यह एक ट्रेन हादसे जैसा दिखे. परिजनों ने प्रशासन से मांग की है कि मामले की निष्पक्ष जांच हो और दोषियों को जल्द से जल्द गिरफ्तार किया जाए.
घटना की गंभीरता को देखते हुए कटकमदाग थाना प्रभारी प्रमोद कुमार राय पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए शेख भिखारी मेडिकल कॉलेज अस्पताल भेज दिया है, और आगे की जांच में जुट गई है.
