Bokaro: बोकारो जिले से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां साढ़े आठ महीने से लापता 18 वर्षीय पुष्पा कुमारी की हत्या की गुत्थी पुलिस ने सुलझा ली है. पुष्पा की हत्या किसी और ने नहीं, बल्कि उसके प्रेमी दिनेश कुमार ने ही गला रेतकर की थी और शव को जंगल में दफना दिया था. पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर चास कॉलेज के पीछे मधुटांड जंगल से पुष्पा का नरकंकाल बरामद कर लिया है. इस मामले तत्कालीन पिंडराजोरा थाना प्रभारी अभिषेक रंजन व मुंशी अक्षय कुमार समेत पांच पुलिसकर्मी को निलंबित कर दिया गया.
शादी का दबाव बनी हत्या की वजह
पुलिस पूछताछ में आरोपी दिनेश कुमार ने अपना जुर्म कबूल कर लिया है. दिनेश और पुष्पा के बीच प्रेम संबंध थे. पुष्पा लगातार दिनेश पर शादी करने का दबाव बना रही थी. इसी विवाद से पीछा छुड़ाने के लिए दिनेश ने एक खौफनाक साजिश रची और पुष्पा को मौत के घाट उतार दिया. हत्या के बाद उसने साक्ष्यों को छिपाने के लिए शव को जंगल की जमीन में गहरा दफना दिया था.
यह भी पढ़ें : हर्षद मेहता केस और मनी लॉन्ड्रिंग का डर दिखाकर बनाया निशाना, बैंक मैनेजर तक से बात करने पर लगा दी थी पाबंदी
हाईकोर्ट की फटकार और पुलिसिया कार्रवाई
इस मामले में पुलिस की शुरुआती भूमिका काफी संदेहास्पद रही थी. पुष्पा की मां रेखा देवी अपनी बेटी की बरामदगी के लिए महीनों तक थाने के चक्कर काटती रहीं, लेकिन उनकी सुनवाई नहीं हुई. थक-हारकर उन्होंने झारखंड उच्च न्यायालय का दरवाजा खटखटाया. हाईकोर्ट ने बोकारो पुलिस की सुस्त कार्यप्रणाली पर तीखी टिप्पणी की.इसके बाद हड़कंप मच गया और लापरवाही बरतने के आरोप में तत्कालीन पिंडराजोरा थाना प्रभारी अभिषेक रंजन व मुंशी अक्षय कुमार को निलंबित कर दिया गया. मामले की गंभीरता को देखते हुए डीजीपी तदाशा मिश्रा की मॉनिटरिंग में ‘वन मैन कमीशन’ का गठन किया गया और सीआईडी की डीआईजी संध्या रानी मेहता को जांच की जिम्मेदारी सौंपी गई.
जंगल में चला सर्च ऑपरेशन
शनिवार को चास कॉलेज के पीछे मधुटांड जंगल में भारी पुलिस बल की मौजूदगी में खुदाई की गई. इस दौरान:
रांची से आई डीआईजी संध्या रानी मेहता और बोकारो एसपी हरविंदर सिंह खुद मौके पर मौजूद रहे. आठ थानों की पुलिस ने पूरे जंगल को सील कर दिया था. खोजी कुत्तों और ड्रोन कैमरों की मदद से साक्ष्य जुटाए गए.खुदाई के दौरान पुष्पा का कंकाल और हत्या में इस्तेमाल किया गया चाकू बरामद हुआ.
यह भी पढ़ें : CBSE से पहले आएगा JAC बोर्ड का रिजल्ट, 15 अप्रैल के बाद मैट्रिक और इंटर साइंस-कॉमर्स का परिणाम एक साथ होगा जारी
एक मां का टूटा भरोसा
पुष्पा की मां रेखा देवी पिछले साल 21 जुलाई से अपनी बेटी की राह देख रही थीं। उन्हें उम्मीद थी कि उनकी बेटी सुरक्षित वापस आएगी, लेकिन पुलिस की लापरवाही और प्रेमी की बेवफाई ने उनकी दुनिया उजाड़ दी. पुलिस ने आरोपी दिनेश कुमार को गिरफ्तार कर लिया है और मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है. पुलिस ने इस केस को सुलझाने के लिए 25 हजार रुपये के इनाम की भी घोषणा की थी.आरोपी ने पुलिस को कई बार गुमराह किया, लेकिन कड़ाई से पूछताछ करने पर सच उगल दिया. शव पूरी तरह गल चुका था, केवल हड्डियों का ढांचा ही बरामद हो सका.
